बिहार में मौसम का बड़ा उलटफेर! 38 जिलों में बारिश और तेज हवा का अलर्ट
बिहार में मौसम ने एक बार फिर करवट लेनी शुरू कर दी है। मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को राज्य के कई हिस्सों में मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार प्रदेश के सभी 38 जिलों में बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार की सुबह कई जिलों में घना कोहरा देखने को मिला, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। छपरा में सुबह के समय कोहरे की मोटी परत छाई रही, जिसके कारण दृश्यता काफी कम हो गई। वहीं समस्तीपुर और दरभंगा में हालात और भी गंभीर रहे, जहां कोहरे की वजह से लगभग जीरो विजिबिलिटी दर्ज की गई। सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर वाहन चलाना पड़ा।
यह भी पढ़ें: Daily Horoscope: इन राशियों के लिए आज खुल सकते हैं सफलता के नए रास्ते
मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा, बेगूसराय और खगड़िया शामिल हैं। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। साथ ही कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बताया गया है। विभाग का कहना है कि इस दौरान हवाओं की रफ्तार करीब 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम में अचानक बदलाव का असर तापमान पर भी पड़ सकता है।
वहीं 21 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, मुंगेर, लखीसराय, जमुई, शेखपुरा, नालंदा, पटना, भोजपुर, बक्सर, कैमूर (भभुआ), रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, जहानाबाद और अरवल शामिल हैं। इन जिलों में मौसम अचानक बदल सकता है और कहीं-कहीं हल्की बारिश के साथ तेज हवा चलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 20 मार्च तक राज्य में ऐसा ही मौसम बना रह सकता है। इस दौरान कई स्थानों पर बादल छाए रहने, हल्की बारिश और आंधी-तूफान जैसी स्थिति बन सकती है। विशेष रूप से उत्तर और पूर्वी बिहार के जिलों में इसका असर अधिक देखने को मिल सकता है। हालांकि मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जाएगी और अधिकतम तापमान लगभग 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
यह भी पढ़ें: CCTV चोरी का राज सुनकर पुलिस भी हैरान—पत्नी पर नजर रखने के लिए रची थी साजिश
पिछले 24 घंटों के तापमान पर नजर डालें तो रोहतास जिला सबसे अधिक गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं राजधानी पटना में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। राजधानी पटना की बात करें तो यहां भी मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। शहर में बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ समय के लिए तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पटना में अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा कम रह सकता है।