कल धनतेरस पर पूजा और खरीददारी का क्या है शुभ मुहूर्त? देखें पूरी जानकारी...
कल धनतेरस पर पूजा और खरीददारी का क्या है शुभ मुहूर्त? देखें पूरी जानकारी...

पटना: रौशनी का पर्व दीपावली 18 नवम्बर को है। दिवाली की शुरुआत धनतेरस से होती है और धनतेरस शनिवार को है। इस दिन भगवान धन्वंतरी, मां लक्ष्मी और भगवान कुबेर की विशेष रूप से पूजा की जाती है। कहा जाता है कि इस दिन पूजा, धार्मिक काम और खरीददारी अत्यंत शुभ और फलदायी होता है। घर की सफाई और दीपक जला कर इस दिन माता लक्ष्मी की आराधना की जाती है। इस दिन मुख्य रूप से लोग सोना चांदी समेत अन्य धातुओं की वस्तुएं खरीदते हैं। धनतेरस पर कुछ वस्तुएं खरीदना बहुत ही अधिक फलदायक माना जाता है जबकि कुछ वस्तुओं की खरीददारी करने से बचना चाहिए। इसके साथ ही इस दिन पूजा पाठ भी काफी विधि विधान से और शुभ मुहूर्त में किया जाना चाहिए। आइये हम आपको बताते हैं कि धनतेरस के दिन किस समय पूजा पाठ करना चाहिए और क्या खरीदना अधिक फलदायी होता है।
पूजा कैसे करें
धनतेरस के दिन भगवान धन्वंतरी, मां लक्ष्मी और कुबेर की पूजा की जाती है। भगवान धन्वंतरी की पूजा करने के लिए 'ॐ नमो भगवते धन्वंतराय विष्णुरूपाय नमो नमः' का जाप करना चाहिए जबकि मां लक्ष्मी की पूजा के लिए 'ॐ श्री महालक्ष्म्यै नमः' का जाप करें। इसके साथ ही भगवान कुबेर की पूजा करने के लिए ॐ यक्षाय कुबेराय वैश्रवनाय धनधान्यधिपतये, धनधान्यसमृद्धिं में देहि दापय स्वाहा' का जाप करना चाहिए।
खरीददारी का शुभ समय
इस वर्ष खरीददारी के लिए दिन भर में तीन बार शुभ समय है। वैसे तो धनतेरस के दिन पुरे दिन खरीददारी की जा सकती है लेकिन इस खास मुहूर्त में खरीददारी अधिक फलदायी होगा। इसके अनुसार धनतेरस के दिन सुबह 08:50 बजे से 10:33 बजे सुबह, सुबह 11:43 बजे से दोपहर 12:28 बजे तक और शाम 07:16 बजे से 08:20 बजे तक खरीददारी के लिए शुभ समय है।
पूजा का शुभ मुहूर्त
धनतेरस के दिन भगवान धन्वंतरी, मां लक्ष्मी और भगवान कुबेर की पूजा की जाती है। पूजा पाठ के लिए कल शाम 07:16 बजे से 08:20 बजे तक शुभ मुहूर्त है। इस दौरान पूजा करने का फल अधिक लाभदायी सिद्ध होगा।
धनतेरस पर क्या खरीदें
धनतेरस के अवसर पर अक्सर लोग सोना, चांदी समेत अन्य धातुओं की खरीददारी करते हैं। इस दिन सोना, चांदी, नए बर्तन, झाड़ू, मां लक्ष्मी की प्रतिमा, कुबेर यंत्र, दक्षिणाव्रती शंख, गोमती चक्र, कौड़ियाँ, लक्ष्मी चरण चिह्न समेत अन्य चीजें खरीदनी चाहिए।
क्या न खरीदें
धनतेरस पर शीशे के सामान नहीं खरीदने चाहिए, इसे टूटने और नुकसान का प्रतीक माना जाता है। इसके साथ ही जूते-चप्पल, काले रंग के कपडे, तेल और प्लास्टिक की चीजें भी नहीं खरीदनी चाहिए।