darsh news

रोहतास में जंगली हाथी का आतंक: सोन नदी किनारे झोपड़ियां तोड़ीं, दहशत में ग्रामीण

Wild elephant terror in Rohtas

बिहार के रोहतास जिले में इन दिनों जंगली हाथी के कारण ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। तिलौथू और अमझोर क्षेत्र के आसपास सोन नदी के किनारे पिछले तीन दिनों से एक जंगली हाथी लगातार उत्पात मचा रहा है। हाथी ने कई झोपड़ियों को तोड़ दिया है और खेतों में भी नुकसान पहुंचाया है। दरअसल, सोन नदी के बीचों-बीच कई जगहों पर पानी कम होने के बाद बालू के टापू जैसे ऊंचे टीले बन जाते हैं। इन टीलों पर आसपास के ग्रामीण खेती-बाड़ी करने और अस्थायी रूप से रहने के लिए झोपड़ियां बना लेते हैं। बताया जा रहा है कि हाथी इन्हीं जगहों पर पहुंचकर लगातार तोड़फोड़ कर रहा है।

यह भी पढ़ें: बिहार में नीतीश के बिना नई सरकार: मंत्रिमंडल में फेरबदल, कुछ मंत्री बदल सकते हैं

स्थानीय लोगों के अनुसार यह जंगली हाथी नौहट्टा क्षेत्र के जंगलों से भटककर सोन नदी के रास्ते तिलौथू और अमझोर इलाके में पहुंच गया है। सोमवार सुबह इसे पड़रिया और सरैया गांव के आसपास भी देखा गया, जिसके बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। हाथी की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों की मदद से जगह-जगह आग जलाकर और शोर मचाकर हाथी को गांव से दूर भगाने की कोशिश की जा रही है।

यह भी पढ़ें: बिहार में शुरू होगी सुधा बूथ से बकरी दूध बिक्री, राज्य में गोट फेडरेशन बनेगा

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले यह हाथी कैमूर पहाड़ी के जंगली इलाके से भटककर गांवों की ओर आ गया था। फिलहाल यह सोन नदी के किनारे पड़रिया, सरैया और आसपास के इलाकों में घूम रहा है। प्रशासन और वन विभाग की टीम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रही है।


Scan and join

darsh news whats app qr