बेगूसराय: बेगूसराय में पुलिस ने हत्याकांड का साक्ष्य छुपाने के लिए एक और हत्या की प्लानिंग का उद्भेदन कर घटना से पहले ही सुपारी किलर को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बदमाशों के पास से दो पिस्टल, एक देशी कट्टा, 22 कारतूस, चार मोबाइल और एक बाइक भी जब्त किया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार सभी बदमाश एक हत्याकांड के गवाह की हत्या करने की फ़िराक में थे लेकिन पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
मामले की जानकारी देते हुए सदर डीएसपी आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि जेल से मुन्ना सिंह हत्याकांड के गवाह की हत्या की साजिश रची जा रही थी। इस बात की सूचना STF को मिली जिसके बाद जिला पुलिस और STF ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पांच सुपारी किलर को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि जेल में बंद कुख्यात सूरज व विमलेश उर्फ़ अमलेश मुन्ना सिंह हत्याकांड के गवाह की हत्या करवाने की फ़िराक में थे। इसके लिए उन्होंने पांच सुपारी किलर को सुपारी भी दे दी थी। वे लोग कोर्ट परिसर के आसपास हत्या करने का प्लान बना रहे थे लेकिन उससे पहले ही STF को सूचना मिल गई।
यह भी पढ़ें - बिहार के रहने वाले पूरे परिवार की चेन्नई में हत्या, परिवार के लोगों में कोहराम...
डीएसपी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर सिंघौल थाना क्षेत्र के मचहा निवासी निगम कुमार को गिरफ्तार किया जिसने पूछताछ के दौरान मामले को स्वीकार कर लिया और बताया कि वह जेल में बंद कुख्यात के संपर्क में था। उसने रामदिरी के दबंग मुखिया मुन्ना सिंह के हत्या के गवाह की हत्या के लिए पांच लाख रूपये में सुपारी लिया था। इसके बाद वह अपने साथियों के साथ साजिश रचते हुए रेकी में लगा हुआ था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हरहरमहादेव चौक के समीप से उलाव निवासी प्रीतम कुमार को एक लोडेड देशी कट्टा और तीन कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में प्रीतम ने भी मामले की पुष्टि की। उसने चंदन से हथियार लेने की बात कही जिसके बाद पुलिस ने मटिहानी निवासी चंदन कुमार को भी एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, एक मोबाइल और 19 कारतूस के साथ घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार सभी बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस ने मचहा निवासी गुलशन कुमार, रविश कुमार को भी गिरफ्तार किया। सदर डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार सभी बदमाशों का पुराना आपराधिक इतिहास है और इनके विरुद्ध मुफस्सिल, नगर, बछवाड़ा, साहेबपुर कमाल समेत कई थानों में मामले दर्ज हैं। सदर डीएसपी ने बताया कि चंदन के विरुद्ध कुल 14, गुलशन के विरुद्ध 2, रविश के विरुद्ध पूर्व से एक मामले दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें - कटिहार में पुलिस ने मुखिया को हत्या के आरोप में किया गिरफ्तार, समर्थकों ने थाना में किया हंगामा...