Banka - लड़का मर्चेंट नेवी में काम करता है और अभी विदेश दौरे पर है वहीं उस लड़के की पत्नी होने का दावा करते हुए उत्तर प्रदेश की एक लड़की बिहार के बांका पहुंच गई, और ससुराल में रहने की जिद करने लगी पर परिवार वाले ने पहचानने से इनकार कर दिया जिसके बाद लड़की पुलिस की शरण ली है.
बिहार और यूपी की प्रेम कहानी सुनने और प्रेमिका को देखने के लिए बांका के पंजवारा थाने पर लोगों की भीड़ जुटी रही. मामले को लेकर स्थानीय ने बताया कि
यूपी देवरिया की एक छोरी को बांका का छोरा भा गया। दोनों में पहले आनलाइन प्रेम का ज्वार फूटा। फिर मिलन और पर्यटन के बहाने दोनों एक दूसरे के करीब में आ गए। एक साथ सैर सपाटा, मौज मस्ती की। फिर नजदीकियां और बढ़ी। बात बहुत आगे बढ़ जाने के बाद दोनों ने एक मंदिर में ब्याह रचाया।
लड़के का नाम अनुकर सिंह है. वह बांका जिले के पंजवारा थाना क्षेत्र के लखपुरा गांव का है।वह मर्चेंट नेवी में काम करता है। काम के सिलसिले में अक्सर देश से बाहर रहना होता है। अभी भी वह विदेश में ही है। इस बीच इस मामले को लेकर पंजवारा थाना में एक युवती पहुंची, उसने अपना नाम पूजा सिंह बताया। पूजा के अनुसार लखपुरा निवासी अनुकर सिंह से उसने शादी की है। उसने बताया कि मैं यूपी के देवरिया जिले के सरकुलवा थाना क्षेत्र के हेरैया गांव की रहने वाली हूं। मेरा पति अभी विदेश में है। मेरा नंबर ब्लैकलिस्ट कर दिया है। बात तक नहीं करता है। मैं जब अपने ससुराल आई तो सास, ससुर, ननद ने भला बुरा कहना शुरू कर दिया। घर में घुसने से मना कर दिया। तब न्याय की गुहार लगाने थाना आई हूं। इस दौरान थाना में देर रात तक नाटकीय घटनाक्रम चलता रहा। लड़की अपने जिद पर व उसके ससुराल वाले अपनी जिद पर अड़े हैं। थाना में दोनों तरफ के पैरवी कारों की गहमागहमी बनी रही। अंत में अनुकर सिंह के विदेश में रहने की बात पर उसके आने तक लड़की को ससुराल आने के लिए इंतजार करने की बात पर सहमति बनी।
पंजवारा थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि मामला प्रेम फिर शादी और इसके बाद आनाकानी से जुड़ा है। लड़की की शिकायत पर संज्ञान लिया गया। मार्च में लड़का घर आएगा। फिर दोनों पक्ष मिलकर इसका समाधान करेंगे। इस रजामंदी पर बांड तैयार कर दोनों पक्षों को अपने-अपने घर भेजा गया है।
बांका से दीपक कुमार सिंह की रिपोर्ट