Jahanabad :- होली को लेकर पूरे बिहार में प्रशासन सजग है जगह-जगह फ्लैग मार्च निकाले जा रहे हैं. इस कड़ी me जहानाबाद शहर में बुधवार की शाम पुलिस कप्तान अरविंद प्रताप सिंह के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया।
इस फ्लैग मार्च के माध्यम से लोगों को शांति व सद्भावना के साथ त्योहार मनाने की नसीहत दी गई। इस दौरान एसपी ने बताया कि वर्तमान समय में रमजान का महीना भी चल रहा है। ऐसे में हम लोग सभी थानों में शांति समिति की बैठक आयोजित कर आपसी सामंजस्य की स्थिति कायम कर चुके हैं। जिस तरह से जिले के लोग लगातार सभी त्योहार शांति व सद्भावना के साथ मनाते रहे इस तरह इस बार भी होली और रमजान प्रेम के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा 100 से अधिक स्थानों को चिन्हित किया गया है जहां विशेष तैनाती की जाएगी। एसपी ने कहा कि होली के पर्व में लोग उकवारी भी फेंकते हैं जिससे आगलगी की संभावना बनी रहती है।इसे लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। त्योहार के दौरान एंबुलेंस को भी अलर्ट मोड में रखा जाएगा।
SP ने कहा कि अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विधि व्यवस्था के संधारण में जुटे रहेंगे। इसे लेकर कंट्रोल रुप भी बनाए गए हैं।112 नंबर की गाड़ी भी अलर्ट मोड में रहेगी। यह फ्लैग मार्च शहर के काको मोड़ से निकलकर विभिन्न मार्गो से होते हुए अस्पताल मोड़ तक पहुंचा। इस फ्लैग मार्च में अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिंह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजीव कुमार सिंह के साथ-साथ नगर थाने और पुलिस लाइन के पुलिसकर्मी शामिल थे।
जहानाबाद से पवन की रिपोर्ट