पटना: मकर संक्रांति के अवसर पर राजधानी पटना में सभी राजनीतिक दलों की तरफ से दही चूड़ा का भोज आयोजित किया जा रहा है। मकर संक्रांति के अवसर पर संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष एवं अखिल विप्र कल्याणम की तरफ से रविवार को चूड़ा दही का भोज आयोजित किया जायेगा। यह भोज भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल के सरकारी आवास पर आयोजित किया जायेगा।
दही चूड़ा भोज की तैयारी पूरी कर ली गई है। इस अवसर पर करीब 5 हजार लोगों के जुटने की संभावना है वहीं कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा समेत अन्य दिग्गज नेताओं के हाथ किया जा सकता है। इसके साथ ही इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, मंत्री विजय चौधरी, सुनील कुमार, डॉ प्रमोद कुमार चंद्रवंशी, सुरेन्द्र मेहता, नीतीश मिश्रा, देवेशचंद्र ठाकुर आदि भी शिरकत करेंगे।
इस संबंध में संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय झा ने बताया कि इस अवसर पर पतंगबाजी, मंगलाचरण, यज्ञ, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पुरस्कार समारोह का भी आयोजन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि हाल में ब्राह्मण और ब्राह्मणवाद के विरुद्ध काफी प्रतिक्रियाएं आई जो सनातन संस्कृति के खिलाफ है। अखिल विप्र कल्याणम विषाक्तता को शुद्ध करने और शास्त्रों और शास्त्रियों की रक्षा और प्रचार करना हमारा मूल मिशन है। इसके साथ ही सनातनियों को मंदिरों से जोड़ने, मंदिरों को हम सभी के लिए सामाजिक-सांस्कृतिक विकास केंद्र बनाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें - पटना बना क्राइम कैपिटल, एक बार फिर बेख़ौफ़ अपराधियों ने ठेकेदार को मारी गोली...