Join Us On WhatsApp

जदयू में हलचल के बीच शाम 5 बजे बड़ी बैठक, मंत्री श्रवण कुमार बोले– उसी में होगा बड़ा फैसला

जदयू में जारी सियासी हलचल के बीच पटना स्थित पार्टी कार्यालय में गतिविधियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शाम 5 बजे जदयू विधानमंडल दल और पार्टी नेताओं की अहम बैठक बुलाई है

Amid turmoil in JDU, a major meeting is scheduled for 5 pm
जदयू में हलचल के बीच शाम 5 बजे बड़ी बैठक, मंत्री श्रवण कुमार बोले– उसी में होगा बड़ा फैसला- फोटो : Darsh NEWS

पटना में आज जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के अंदर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पार्टी दफ्तर में दिनभर नेताओं और कार्यकर्ताओं की आवाजाही बनी रही। इस बीच बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार जेडीयू कार्यालय पहुंचे और मीडिया से बातचीत में अहम जानकारी दी।

मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शाम 5 बजे जदयू विधानमंडल दल और पार्टी नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। उन्होंने कहा कि पार्टी के अंदर जो भी सवाल या नाराजगी की बातें सामने आ रही हैं, उन सभी मुद्दों पर इसी बैठक में चर्चा होगी। बैठक खत्म होने के बाद मीडिया को पूरी जानकारी दे दी जाएगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल सभी को बैठक का इंतजार करना चाहिए। दरअसल, पिछले कुछ दिनों से जदयू के अंदर कई तरह की राजनीतिक चर्चाएं चल रही हैं। कुछ कार्यकर्ताओं और विधायकों की नाराजगी की भी खबरें सामने आई हैं, जिसे लेकर आज की बैठक को काफी अहम माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें: प्रेमिका से मिलने गया युवक फंसा, ग्रामीणों ने घेरकर पीटा, पुलिस से भी हाथापाई

इधर, जदयू संगठन से जुड़ी भी एक बड़ी खबर सामने आई है। पार्टी के वरिष्ठ नेता उमेश कुशवाहा ने जदयू के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। यह तीसरी बार है जब उमेश कुशवाहा ने प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन का पर्चा भरा है। माना जा रहा है कि उनका निर्विरोध चुना जाना लगभग तय है। ऐसे में वे लगातार तीसरी बार जदयू के बिहार प्रदेश अध्यक्ष बन सकते हैं। जदयू कार्यालय में आज उमेश कुशवाहा के नामांकन के दौरान कई नेता मौजूद रहे। बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार भी पार्टी दफ्तर पहुंचे और उन्होंने उमेश कुशवाहा को शुभकामनाएं दीं।

यह भी पढ़ें: नीतीश के राज्यसभा ऐलान से जदयू में बगावत! पटना में उग्र प्रदर्शन, मोदी के पोस्टर पर पोती कालिख

वहीं दूसरी ओर, तेजस्वी यादव के “हाइजैक” वाले बयान पर बीजेपी की तरफ से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने कहा कि बिहार और देश की जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि यह भरोसा आगे भी बना रहेगा। कुल मिलाकर आज का दिन बिहार की राजनीति के लिए काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि शाम 5 बजे होने वाली जदयू की बैठक के बाद कई राजनीतिक सवालों के जवाब सामने आ सकते हैं।


Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp