पटना: राजधानी पटना से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। गांधी मैदान थाना क्षेत्र के भट्टाचार्या मोड़ के पास सोमवार सुबह एक अज्ञात वाहन ने दो लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान मुन्ना के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मुन्ना सुबह अपने घर से साइकिल से ड्यूटी के लिए निकले थे। वह नगर निगम में कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे। इसी दौरान भट्टाचार्या मोड़ के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मुन्ना की मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: जमुई का चौंकाने वाला हादसा: डॉक्टर के घर हुई नशे के बाद लूट!
हादसे में एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ है, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही मुन्ना के परिजन मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित होकर शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया। परिजनों का कहना था कि जब तक दोषी वाहन चालक की पहचान कर कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक शव नहीं हटाया जाएगा। सड़क जाम होने के कारण इलाके में यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़ें: सम्राट चौधरी ने तिरंगा फहराया और बिहारवासियों को संदेश दिया है की किसी भी अपराधी को बख्शा नही जायेगा
सूचना मिलने पर गांधी मैदान थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। साथ ही अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपी वाहन चालक को पकड़ लिया जाएगा।