Supaul : भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शैयद शहनवाज हुसैन बकरीद के मौके पर अपने गृह क्षेत्र सुपौल पहुंचे। जहां उन्होंने सुपौल के ईदगाह मैदान में बकरीद की नमाज अदा की। नमाज के बाद उन्होंने लोगों को ईद की मुबारकबाद दी और देश की सलामती, अमन, भाईचारा और तरक्की के लिए दुआ करने की लोगों से अपील भी की। इस दौरान शहनवाज हुसैन ने कहा कि, बकरीद कुर्बानी का त्योहार है, जो हमें आपसी प्रेम, त्याग और इंसानियत की राह पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने यह भी कहा कि, भारत जैसे बहुलतावादी देश में सभी धर्मों के लोग मिलजुल कर त्योहार मनाते हैं, यही हमारी गंगा-जमुनी तहजीब की असली पहचान है। उन्होंने ये भी कहा कि, हमें अपने मुल्क की खुशहाली और समाज में आपसी सौहार्द बनाए रखने के लिए दुआ करनी चाहिए। उन्होंने सुपौल वासियों को विशेष रूप से ईद की बधाई दी। उन्होंने कहा कि, यहां की जनता में आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द देखने को मिलता है। इस मौके पर स्थानीय प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। ईदगाह मैदान में पुलिस बल की तैनाती रही और पूरे इलाके में शांतिपूर्ण माहौल में नमाज अदा की गई। कार्यक्रम में जिले के कई सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।