Patna News : बिहार के सियासी परिवार से आने वाली ऐश्वर्या राज ने मिसेज बिहार 2025 का खिताब जीत लिया है। ऐश्वर्या भोजपुर के तरारी से भाजपा के विधायक विशाल प्रशांत की पत्नी हैं। 24 साल की ऐश्वर्या ने पहली बार इस प्रतियोगिता में भाग लिया और ग्रैंड फिनाले में 14 प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए खिताब अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में बिहार के अलग-अलग जिलों से 21 से 55 साल तक की महिलाएं शामिल थीं। इनमें से 14 को फिनाले के लिए चुना गया था, और ऐश्वर्या ने सीनियर कंटेस्टेंट्स को मात देकर मिसेज बिहार का क्राउन अपने सिर पर सजाया।
ऐश्वर्या के पति विशाल प्रशांत ने तरारी से उपचुनाव जीतकर विधायक की कुर्सी पर बैठे हैं। उनके ससुर सुनील पांडेय भी चार बार विधायक रह चुके हैं।
ऐश्वर्या ने अपनी शुरुआती पढ़ाई पटना में की और फिर दिल्ली यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया। इसके बाद फाइनेंस में मास्टर्स की पढ़ाई भी पूरी की। ग्रेजुएशन के बाद ऐश्वर्या ने एक बड़ी मल्टीनेशनल कंपनी में काम किया, और उसी दौरान उन्होंने एक एयरलाइंस के लिए इंटरव्यू भी पास किया था, लेकिन शादी के बाद यह सब छोड़ दिया।
वो बास्केटबॉल और एथलेटिक्स में बिहार का नेशनल लेवल पर प्रतिनिधित्व भी कर चुकी हैं। ऐश्वर्या का एक बेटा है, जो अब साढ़े तीन साल का है।
ऐश्वर्या महंगी गाड़ियों की शौकीन हैं, और सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 28 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं, और वह अक्सर नए-पुराने गानों पर रील्स बनाती हैं। ट्रैवलिंग उन्हें बहुत पसंद है। वो अपने पति विशाल के लिए तरारी उपचुनाव के दौरान भी सोशल मीडिया पर सक्रिय थीं और महिलाओं और जनता से उनके पक्ष में समर्थन मांग रही थीं।
विशाल के पिता सुनील पांडेय, जो कि बाहुबली नेता हैं, ने अपने बेटे के साथ भाजपा जॉइन किया था। सुनील पांडेय का आपराधिक इतिहास भी रहा है, और वो कई सालों तक हत्या, डकैती, अपहरण और लूट जैसे मामलों में शामिल रहे। जेल में रहते हुए भी उनके खिलाफ कई आरोप लगे, जैसे कि मोबाइल चलाना और अस्पताल में रहकर कारोबार करना। नब्बे के दशक में उनका आरा, भोजपुर, बक्सर से लेकर बनारस तक वर्चस्व था और उन्हें 'डॉक्टर डॉन' के नाम से जाना जाता था।