बांका: बांका पुलिस लाइन में शुक्रवार को अचानक हड़कंप मच गया जब एक बार में ही 100 से अधिक जवान बीमार हो गए। आनन फानन में सभी अस्पताल पहुंचाया गया जहां सभी का इलाज जारी है। एक साथ 100 से अधिक पुलिस जवान के जख्मी होने की जानकारी मिलने से पुलिस महकमे समेत इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि शुक्रवार की दोपहर भोजन करने के कुछ देर बाद ही एक एक कर कई जवानों को पेट दर्द और उल्टी होने लगी। सभी जवानों को आनन फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया जहां सभी का इलाज किया गया।
यह भी पढ़ें - दरभंगा में अफवाह फैलाने के आरोप में एक व्यक्ति पर FIR, DM ने कहा अभी हैं 22 हजार...
घटना की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला और एसआई उपेंद्रनाथ वर्मा भी मौके पर पहुंचे और इलाजरत जवानों की तबियत की जानकारी ली। बताया जा रहा है कि दोपहर में फ्राइड राइस और छोला सभी जवानों को खाने के लिए दिया गया था जिसके बाद एक एक कर 100 से अधिक जवान बीमार हो गए। प्रारंभिक जांच के अनुसार चना में सल्फास की टिकिया बरामद की गई है जिससे आशंका जताई जा रही है कि सभी जवानों को फूड पॉयजनिंग हुई है। फिलहाल डॉक्टर सभी जवानों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और सतर्कता के साथ इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि भोजन में संदिग्ध पदार्थ कैसे पहुंचा। अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं।
यह भी पढ़ें - अब प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने नहीं जाना पड़ेगा नगर निगम के कार्यालय, कर दी है यह व्यवस्था...
बांका से दीपक कुमार की रिपोर्ट