Barh - नए साल 2025 की तैयारी हर तरफ की जा रही है. इस कड़ी में पटना जिले के बाढ़ शहर को सुंदर और आकर्षक दिखने के लिए तिरंगे वाली लाइट लगाई जा रही है. स्थानीय नगर परिषद के द्वारा पटना शहर की तरह ही बाढ़ शहर को भी तिरंगे लाइट से सजाने की योजना है.
इस संबंध में बाढ़ नगर परिषद के अध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि शहर को आकर्षक बनाने के लिए साफ सफाई के साथ ही तिरंगे वाली लाइट लगाई जा रही है.बाढ़ का दिल कहे जानेवाले अनुग्रह नारायण सिंह कालेज के खेल मैदान और NH 31 के दोनों तरफ तिरंगे की रोशनी से जगमग कर दिया गया है। कॉलेज से लेकर कचहरी तक तिरंगा लाइट लगाया गया है जिसे देखकर बाढ़ वासियों में खुशी का आलम है। यह बाढ़ के लोगों के लिए बिल्कुल नई बात है।
अध्यक्ष ने कहा कि उनकी योजना पूरे शहर को इसी तरह की लाइट से सजाने की है.अब बाढ़ शहर का रात का नज़ारा बिल्कुल पटना के मरीन ड्राइव की तरह दिखाई देता है। 26 जनवरी से पहले और भी महत्वपूर्ण जगहों पर इस तरह के लाइट लगाए जाएंगे। बता दें कि कुछ महीने पहले तक एकमात्र खेल का मैदान रात होते ही अंधेरे में खो जाता था लेकिन अब रात में भी दिन जैसा नजारा है।
बाढ़ से कृष्ण देव की रिपोर्ट