Desk News : थाईलैंड (Thailand) ने हाल ही में कंबोडिया (Cambodia) के विवादित सैन्य ठिकानों पर एफ-16 (F-16) लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल कर सैन्य कार्रवाई की है। यह कदम तब उठाया गया जब थाई क्षेत्र में भारी गोलीबारी और रॉकेट से हमला किया गया था। वहीं थाई सेना की उप प्रवक्ता ऋचा सुक्सुवानन ने स्पष्ट रूप से कहा कि, हमने योजना के अनुसार सैन्य ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। इस दौरान छह एफ-16 विमानों में से एक ने कंबोडियाई क्षेत्र में एक सैन्य ठिकाने को नष्ट कर दिया। तो वहीं थाईलैंड ने दावा किया है कि, कंबोडिया के साथ जारी संघर्ष के दौरान 9 लोगों की मौत हो चुकी है।
हालांकि, यह पहली बार नहीं है, जब दोनों देशों के बीच सैन्य तनाव बढ़ा हो, लेकिन इस बार यह प्रतिक्रिया अधिक आक्रामक और योजनाबद्ध दिखाई दे रही है। थाई सेना का दावा है कि, यह कार्रवाई आत्मरक्षा में की गई है, जबकि कंबोडिया ने इसे क्रूर और बर्बर सैन्य आक्रमण करार दे रहा है।
बता दें कि, दोनों देशों के बीच यह तनाव 12वीं सदी के प्रसिद्ध हिंदू मंदिर प्रीह विहार को लेकर दशकों से जारी है। 1962 में अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (ICJ) ने इस मंदिर को कंबोडिया का हिस्सा घोषित किया था, लेकिन थाईलैंड के कुछ राष्ट्रवादी गुट इसे आज भी चुनौती देते हैं। मंदिर का न केवल ऐतिहासिक महत्व है, बल्कि कंबोडियाई राष्ट्रीयता और धार्मिक भावनाओं से भी जुड़ा है। इसी क्षेत्र में बार-बार सैन्य झड़पें हुई हैं। इससे पहले साल 2008, 2011 और अब 2025 में फिर से लड़ाई हुई थी।