बिहार में आय से अधिक संपत्ति के मामले में निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीतामढ़ी जिले के सुरसंड प्रखंड में पदस्थापित प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) कृष्णा राम के खिलाफ छापेमारी शुरू की है। निगरानी विभाग की टीम ने शुक्रवार को एक साथ उनके पांच अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी, जिससे प्रशासनिक महकमे और स्थानीय इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, मोतिहारी के राजाबाजार स्थित उनके किराए के मकान के साथ-साथ उनके पैतृक गांव शंकर सरैया समेत अन्य ठिकानों पर निगरानी विभाग के अधिकारी पहुंचकर गहन जांच कर रहे हैं। छापेमारी के दौरान टीम द्वारा संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों का विवरण, निवेश से संबंधित कागजात और अन्य वित्तीय लेन-देन की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
यह भी पढ़ें: 26 हजार शिक्षक, कर्मचारियों का गुस्सा और रोहिंग्या मुद्दा… गिरिराज सिंह ने टीएमसी पर बोला बड़ा हमला
सूत्रों के मुताबिक, बीडीओ कृष्णा राम के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने प्रारंभिक जांच की थी। प्रारंभिक जांच में कुछ संदिग्ध जानकारियां सामने आने के बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई है। इसी के तहत उनके अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं।छापेमारी के दौरान अधिकारियों की टीम घर और अन्य परिसरों में मौजूद कागजातों की जांच के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और अलमारियों की भी तलाशी ले रही है। जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बीडीओ की घोषित आय के मुकाबले उनकी संपत्ति कितनी अधिक है।
यह भी पढ़ें: क्या राज्यसभा की 5 सीटों पर होगा एनडीए का कब्जा? कुशवाहा के बयान से बढ़ी चर्चा
इस मामले में निगरानी विभाग के डीएसपी नरेंद्र कुमार ने बताया कि आय से अधिक संपत्ति के मामले में बीडीओ कृष्णा राम के खिलाफ जांच चल रही है। इसी क्रम में उनके विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि छापेमारी पूरी होने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी और उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल निगरानी विभाग की यह कार्रवाई जारी है और टीम द्वारा कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की जा रही है।