Patna : पटना जिले के सालिमपुर थाना अंतर्गत फोरलेन पर सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई। वहीं एक युवक घायल हो गया। बता दें कि, महिला की पहचान नालंदा जिला के नूरसराय निवासी प्रेमलता देवी (45) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि, महिला अपने बेटे के साथ बुलेट पर सवार होकर फोरलेन से जा रही थी तभी तेज गति से आ रही पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। वहीं दोनों सड़क पर बेसुध होकर गिर गए। सड़क दुर्घटना में बुरी तरह से घायल महिला काफी देर तक फोरलेन पर पड़ी रही, मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन भीड़ तमाशबीन बनी रही। हालांकि, किसी ने भी महिला और उसके लड़के को उठाने की जहमत नहीं उठाई। इतना ही नहीं, मौके पर मौजूद कुछ युवा घायल महिला और उसके लड़के का वीडियो तक बनाने में लगे। जब सालिमपुर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, तब भी लोग वीडियो बनाने में लगे हुए थे। इस दौरान सालिमपुर थाना की पुलिस ने भीड़ में वीडियो बना रहे लोगों को डांट-फटकार लगाई। पुलिस ने आनन-फानन में घायल को CHC बख्तियारपुर में भर्ती कराया। जहां से PMCH पटना रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार महिला की PMCH में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं बेटे का इलाज जारी है।
SDPO-2 अभिषेक सिंह ने बताया कि, जानकारी मिलते ही दोनो घायल को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल होने के कारण पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। जहां महिला की ईलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं युवक का उपचार जारी है।
बख्तियारपुर से गौरी शंकर प्रसाद रिपोर्ट