नालंदा: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान मंगलवार को होना है और इससे पहले पहले चरण का मतदान संपन्न हो चुका है। पहले चरण के मतदान के बाद सभी विधानसभा क्षेत्रों का EVM अलग अलग जगहों पर बने स्ट्रांग रूम में सील कर रखा गया है। पहले चरण के मतदान के अगले दिन से ही विपक्ष लगातार EVM में छेड़छाड़ और सुरक्षा में धांधली का आरोप लगा रहा है। इस बीच रविवार को नालंदा में इन्हीं बातों को लेकर जम कर हंगामा हुआ।
अब विपक्ष ने सीएम नीतीश कुमार के गृह जिला नालंदा में स्ट्रांग रूम का सीसीटीवी करीब आधा घंटा तक बंद रहने का आरोप लगाया है। इस संबंध में इस्लामपुर के विधायक एवं राजद प्रत्याशी राकेश कुमार रौशन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर EVM की सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि नालंदा के नालंदा कॉलेज में बने स्ट्रांग रूम में पहले चरण के मतदान का EVM रखा गया है और यहां करीब आधे घंटे से सीसीटीवी कैमरे बंद हैं। सीसीटीवी बंद होने का आरोप लगा कर उन्होंने चुनाव आयोग से जांच की मांग की है।
यह भी पढ़ें - नीतीश के साथ जाने के सवाल पर लालू का बड़ा बयान, कहा 'हमारी जीत सुनिश्चित...'
हालांकि इस मामले में प्रशासनिक पदाधिकारी ने भी अपनी सफाई दी और कहा कि सुबह में पॉवर डाउन होने की वजह से समस्या आई थी लेकिन अल्टरनेट सिस्टम चालू था जो कि राजद प्रत्याशी को दिखाया गया है। उन्होंने कहा कि अल्टरनेट व्यवस्था से राजद प्रत्याशी संतुष्ट भी थे और सभी कैमरे सुचारू रूप से चल रहा है। बता दें कि बीते 6 नवम्बर को मतदान के बाद नालंदा जिले के सभी मतदान केन्द्रों का EVM नालंदा कॉलेज में रखा गया है। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है साथ ही चप्पे चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाये गए हैं ताकि किसी तरह की गड़बड़ी न हो सके।
यह भी पढ़ें - NDA जनता के जनादेश से नहीं बनाता है सरकार, मुकेश सहनी ने विजय चौधरी पर भी लगाये गंभीर आरोप...
नालंदा से मो महमूद आलम की रिपोर्ट