वैशाली जिले के हाजीपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यदि किसी ने कोई अपराध नहीं किया है तो उसे डरने की जरूरत नहीं है, लेकिन अगर कोई दोषी पाया जाता है तो कानून अपना काम जरूर करेगा।
हाजीपुर के सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान चिराग पासवान ने कहा कि देश की न्याय व्यवस्था पर सभी को भरोसा रखना चाहिए। किसी भी सांसद या जनप्रतिनिधि की गिरफ्तारी बिना ठोस सबूतों के नहीं होती। जांच एजेंसियां पूरी पड़ताल के बाद ही इस तरह की कार्रवाई करती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि गिरफ्तारी के समय जिस प्रकार का माहौल बनाया गया, वह उचित नहीं था। संबंधित व्यक्ति को जांच एजेंसियों का सहयोग करना चाहिए था।
यह भी पढ़ें: बैंक से निकले पैसों की लूट का खुलासा, STF की रेड में आरोपी के ठिकाने से बरामद हुए 1 लाख रुपये
चिराग पासवान ने दोहराया कि एनडीए सरकार में किसी निर्दोष को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा, लेकिन अगर कोई व्यक्ति कानून तोड़ते हुए पाया जाता है, तो उसे किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और आरजेडी जैसे दल अक्सर हर कानूनी कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना से जोड़ते हैं, जबकि सच्चाई यह है कि यह कानून की प्रक्रिया का हिस्सा है।
यह भी पढ़ें: सड़क से संसद तक संग्राम! पप्पू यादव की गिरफ्तारी और NEET छात्रा मौत पर कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन
गौरतलब है कि पप्पू यादव को 31 साल पुराने एक मामले में पटना पुलिस ने 6 फरवरी की देर रात गिरफ्तार किया था। मामला धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश जैसे गंभीर आरोपों से जुड़ा है। शनिवार को उन्हें एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दो दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। गिरफ्तारी के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली, जिसके बाद उन्हें पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। उनकी जमानत याचिका पर 9 फरवरी को सुनवाई संभावित है।