पटना: सीट शेयरिंग में तमाम पेंच को सुलझ जाने के बाद अब केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी लोजपा ने भी अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है। चिराग पासवान ने पहली सूची में 14 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार की घोषणा की है। चिराग की पहली सूची में 2 महिलाओं का भी नाम शामिल है। जारी सूची के अनुसार चिराग ने अपने प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, प्रदेश प्रधान महासचिव संजय पासवान, बिहार संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष हुलास पाण्डेय और छात्र प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सीमांत मृणाल के साथ ही कुल 14 सीटों पर उम्मीदवार की सूची जारी कर दी है।
जारी सूची के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी को गोविन्दगंज, संजय कुमार सिंह को सिमरी बख्तियारपुर, विष्णुदेव पासवान को दरौली सुरक्षित, सीमांत मृणाल को गरखा सुरक्षित, सुरेंद्र कुमार को साहेबपुर कमाल, संजय कुमार को बखरी सुरक्षित, बाबूलाल शौर्य को परबत्ता, मिथुन कुमार को नाथनगर, सुनील कुमार को पालीगंज, हुलास पांडेय को ब्रह्मपुर, राजीव रंजन सिंह को डेहरी, संगीता देवी को बलरामपुर, रानी कुमारी को मखदुमपुर और प्रकाश चंद्र को ओबरा सीट से टिकट दिया गया है।
यह भी पढ़ें - BJP ने जारी की उम्मीदवारों की दूसरी सूची, इस सीट से मैथिली ठाकुर को मिला टिकट...
बता दें कि चिराग पासवान को NDA में 29 सीटें मिली है। सीटों की संख्या पर सहमति बन जाने के बाद भी सीट के चयन को लेकर पिछले कई दिनों से NDA में घमासान मचा हुआ था। अब सब कुछ सही होने के बाद चिराग ने अपनी पार्टी की सूची जारी कर दी है।
यह भी पढ़ें - नामांकन के बाद हाजीपुर में तेजस्वी ने कर दिया बड़ा दावा, दो सीट से चुनाव लड़ने पर भी कहा...