Join Us On WhatsApp

एक के बाद एक हत्या से दहला नालंदा, थानाध्यक्ष हत्याकांड के आरोपी को किया छलनी...

नालंदा में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है। बता दें कि, पटना के PMCH की 60 वर्षीय GNM सुशीला देवी की दो गोली मारकर हत्या की गुत्थी सुलझी भी नहीं थी कि, महज कुछ ही घंटे के बाद एक और युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

Ek ke baad ek hatya se dahla Nalanda, Thana-adhyaksh hatyaka
थानाध्यक्ष हत्याकांड के आरोपी को किया छलनी- फोटो : Darsh News

Nalanda : नालंदा में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है। बता दें कि, पटना के PMCH की 60 वर्षीय GNM सुशीला देवी की दो गोली मारकर हत्या की गुत्थी सुलझी भी नहीं थी कि, महज कुछ ही घंटे के बाद एक और युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना नगरनौसा थाना क्षेत्र के दुधैला गांव के निकट की है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पूर्व से घात लगाए बदमाशों ने एक युवक को गोली मारकर हत्या कर दी है। मृतक की पहचान नगरनौसा थाना क्षेत्र के बडीहा गांव निवासी अशोक यादव के 32 वर्षीय पुत्र रवि कुमार के रूप में की गई है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि, रवि जमीनी विवाद को लेकर शनिवार को थाना में लगने वाले जनता दरबार में गया हुआ था। वहां से लौटने के क्रम में बूधैला गांव के समीप घात लगाए बदमाशों ने रवि यादव पर ताबड़तोड़ गोली चला दी। जिससे गोली रवि के दोनों पैर, सीना और गले के पास लगी है। परिवार से संपत्ति विवाद में गोली मारने की बात सामने आ रही है। 

गोलीबारी की आवाज सुनकर ग्रामीण एकत्रित हुए और घायल अवस्था में रवि यादव को उठाकर इलाज के लिए ले जाने लगे तभी उसकी दो कदम चलकर ही मौत हो गई। वहीं, घटना के बाद मौके से भाग रहे कुछ संदिग्ध को ग्रामीणों ने देखा तो उसे खदेड़ कर पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। फिलहाल, गांव में तनाव की स्थिति क़ायम है। जिसे देखते हुए कई थानों की पुलिस को घटनास्थल पर बुलाया गया है। वहीं एक आरोपी मौके से भागने में सफल रहा। घटना की सूचना मिलते ही हिलसा डीएसपी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन और परिजनों को समझाने बुझाने के प्रयास में जुटे। आपको बताते चलें कि, वर्ष 2015 में 18 सितंबर को नगरनौसा के तत्कालीन थानाध्यक्ष अवधेश कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दरअसल, एक वारदात की सूचना पर नगरनौसा के बडीहा गांव पहुंचे ही थे कि, अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी थी। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हालांकि, बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। थानेदार अवधेश कुमार गया जिला के रहने वाले थे। बडीहा गांव में जमीन विवाद को लेकर राम उचित यादव और कपिल यादव की बीच गोलीबारी हुई थी। इस घटना में राम उचित यादव को गोली लगी थी। उनके परिजन थाने में शिकायत करने गए थे। इसके बाद थानाध्यक्ष अवधेश कुमार दलबल के साथ गांव में छापेमारी करने गए तभी अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी थी। जिसमें अशोक यादव का पुत्र रवि कुमार भी आरोपित था। 

रवि यादव 12 साल की जेल की सजा काटकर इसी वर्ष जनवरी महीने में छूट कर बाहर आया था। वहीं, घटना के संबंध में हिलसा डीएसपी सुमित कुमार ने बताया कि, दोपहर 12:45 में पुलिस को सूचना मिली कि, दुधैला गांव के आगे दुर्गा स्थान के पास एक व्यक्ति को गोली लगी है। बडीहा गांव निवासी अशोक यादव के पुत्र रवि कुमार की हत्या कर दी गई। सूचना के सत्यापन के लिए नगरनौसा थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधियों के भागने की दिशा में सभी जगह नाकाबंदी किया। इसी क्रम में घटना में शामिल पटना के खुसरूपुर निवासी सन्नी कुमार और दूसरा नालंदा के नगरनौसा का रहने वाला सुदामा कुमार की गिरफ्तारी कर ली गई है। घटना में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। परिजनों की मानें तो पूर्व से चले आ रहे ज़मीनी विवाद में हत्या की गई है। फ़िलहाल, पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है। वर्तमान में गांव की स्थिति सामान्य बनी हुई है। साथ ही, परिजनों को समझा बुझाकर शव को कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉडल अस्पताल बिहार शरीफ भेज दिया गया है।



नालंदा से मो. महमूद आलम की रिपोर्ट



Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp