पटना: पहले चरण का मतदान संपन्न हो गया जिसके बाद केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बड़ा दावा किया है। चिराग पासवान ने कहा कि मतदान संपन्न हो गया और जो रुझान आ रहा है उसके हिसाब से हमारी पार्टी और हमारे गठबंधन की पार्टी जबरदस्त तरीके से जीत रही है और हम लोग एक बार फिर बहुत मजबूती के साथ सरकार बनाने जा रहे हैं। हमलोग करीब 20 दिनों से चुनाव प्रचार कर रहे हैं और अब दूसरे चरण के प्रचार में जुट गए हैं। पहले चरण के मतदान के बाद हमारा विश्वास और भी बढ़ गया है कि हमलोग एक एतिहासिक जीत की तरफ बढ़ रहे हैं। NDA जिस तरह से एकजुट हो कर चुनाव मैदान में है और हमारी मजबूती बढती जा रही है।
चिराग ने कहा कि महागठबंधन जिस तरह से बिखरा हुआ है और जिस तरह से झूठे वादे के साथ लोगों के बीच गये वह बिहार की जनता समझती है। बिहार के लोग काफी समझदार हैं और लोग जानते हैं कि इतने लोगों को सरकारी नौकरी नहीं दी जा सकती है क्योंकि वे बिहार के बजट से भी अवगत हैं। ढाई करोड़ लोगों को नौकरी देने के लिए गिरी से गिरी हालत में 7 से 9 लाख करोड़ रूपये का बजट जायेगा, कहाँ से आएगा इतना पैसा।
विपक्ष फैलाना चाहता है अराजकता
चिराग ने कहा कि मैं मानता हूँ कि हमारा NDA गठबंधन एतिहासिक जीत की तरफ बढ़ रहा है और दुसरे चरण का मतदान होने के बाद जीत का मार्जिन और भी बढने वाला है। इस दौरान चिराग ने प्रियंका के बयान पर जवाब देते हुए कहा कि वे सरकार पर भरोसा करते नहीं हैं, प्रधानमंत्री का सार्वजनिक तौर पर अपमान करते हैं, संवैधानिक संस्थाओं पर विश्वास करते नहीं हैं, तुष्टिकरण की राजनीति के लिए सेना का अपमान करते हैं, आप देश में अराजकता फैलाना चाहते हैं। ये सारी बातें दर्शाता है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी आज किस तरह से हताशा और निराशा के दहलीज पर आ गई है कि अपनी हार पचा नहीं पा रही है इसलिए अपनी हार का ठीकरा दुसरे के सर पर फोड़ने में लगे हैं।
यह भी पढ़ें - खेसारी लाल को 'अधजल गगरी' कहते हुए पवन सिंह ने दिया विवादित बयान, मुकेश सहनी ने किये...
सिर्फ एक ही पार्टी को लगता है वोटर लिस्ट में गड़बड़ी
पहले ये लोग EVM को दोषी मानते थे लेकिन अब सारे EVM ठीक हो गए हैं। मजाल है कि गलती से कोई विपक्ष का नेता बोल जाये कि EVM खराब है। फिर ये लोग वोटर लिस्ट को दोषी मानने लगे। अगर वोटर लिस्ट में इतनी गड़बड़ी है तो आप न्यायालय क्यों नहीं जाते हैं। आप सुप्रीम कोर्ट जाइए तो और बताइए। आप मीडिया के सामने हंगामा करेंगे, बिहार में घूम कर भ्रम फैलायेंगे लेकिन जब अधिकृत रूप से शिकायत करना होगा तब आप कहीं नहीं जायेंगे। आपके साथी दल इस मुद्दे पर कोई बात नहीं कर रहे हैं, सिर्फ आप ही कर रहे हैं। इस मुद्दे पर आपके घटक दल कहाँ हैं। मैं कांग्रेस और प्रियंका-राहुल के लिए समझ रहा हूँ कि इतनी बार हार पचाना इतना आसान नहीं है।
हरियाणा की तरह हारेंगे बिहार में
ये लोग हरियाणा में जिस तरह से हारे उसी तरह से बिहार में हारेंगे। ये लोग पहले से जान रहे हैं कि बिहार में क्या होना है। इन लोगों ने चुनाव आयोग पर आरोप लगाया। चिराग पासवान ने तमिलनाडू के मुख्यमंत्री के बयान पर कहा कि वे लोग पढ़ लें सच्चर कमिटी की रिपोर्ट। लंबे समय तक देश में उनकी सरकार रही है। ये लोग मुसलमानों के स्वघोषित हितैषी हैं। अगर इन्हें ऐसा लगता है तो मुसलमानों से पूछ लें कि अगर आप खुश हैं तो फिर रहें उनके साथ ही। विजय सिन्हा के ऊपर हमले को लेकर उन्होंने कहा कि अपनी हार को देखते हुए राजद अपनी परंपरा पर उतारू हो गए है। आज ये सत्ता में नहीं हैं तब ऐसे कर रहे हैं, कल अगर ये सत्ता में आ जायेंगे तो लोगों का जीना हराम कर देंगे।
बिहार अगर 90 के दशक में बर्बाद हुआ है तो राजद के इसी परंपरा की वजह से। आज फिर उन्होंने उसकी बानगी दी है। यह निंदनीय है और मैं समझता हूँ कि लखीसराय की जनता जरुर इसका जवाब उन्हें देगी।
यह भी पढ़ें - राजद MLC और विजय सिन्हा के बीच तीखी बहस, डिप्टी CM ने शराब पी कर मतदान केंद्र पर उत्पात मचाने का लगाया आरोप...