पटना सिटी: भारतीय जनता पार्टी के नितिन नवीन को कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के बाद बिहार में खासकर पटना सिटी में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह चरम पर है। दिल्ली से पटना पहुंचने के बाद नितिन नवीन का भव्य स्वागत किया गया और अब उनके पटना सिटी आगमन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।जानकारी के अनुसार, नितिन नवीन आज सबसे पहले कंगनघाट पहुंचेंगे। यहां उनके स्वागत के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने खास इंतजाम किए हैं। कंगनघाट इलाके में बुलडोजर के माध्यम से बड़े-बड़े बैनर और पोस्टर लगाए जा रहे हैं, जो दूर से ही नजर आ रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, कंगनघाट पर नितिन नवीन का फूल-मालाओं से स्वागत किया जाएगा और बुलडोजर से फूलों की वर्षा की भी तैयारी की गई है। इस अनोखे स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें: सुबह-सुबह मंदिर परिसर से उठीं आग की लपटें… कुछ ही मिनटों में जल गया पूरा बाजार
कंगनघाट के बाद नितिन नवीन तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब गुरुद्वारा पहुंचेंगे, जहां वे गुरु घर में मत्था टेककर आशीर्वाद लेंगे। उनके आगमन को लेकर पटना सिटी में उत्सव जैसा माहौल है और जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ता उनका स्वागत करने को तैयार नजर आ रहे हैं। इस मौके पर भाजपा नेता रूपनारायण मेहता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में पद से ज्यादा महत्व कार्यकर्ता का होता है। उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता मेहनत और लगन से काम करता है, उसे समय आने पर उसका फल जरूर मिलता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी के प्रति कार्यकर्ताओं का भरोसा और उत्साह लगातार बढ़ रहा है। नितिन नवीन को कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने से कार्यकर्ताओं का मनोबल और अधिक मजबूत हुआ है।
यह भी पढ़ें: किराए के मकानों में छिपे थे चोर! जेसीबी चोरी गिरोह का सनसनीखेज खुलासा
पटना सिटी से मुकेश कुमार की रिपोर्ट