गया: रंगों का त्योहार होली जहां खुशियों और भाईचारे का प्रतीक माना जाता है, वहीं गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के बड़गांव में यह दिन हिंसा और तनाव में बदल गया। रंग लगाने के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया, जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में कई महिलाएं भी शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, होली के मौके पर गांव में लोग एक-दूसरे को रंग और अबीर लगाकर त्योहार मना रहे थे। इसी दौरान दो पक्षों के बीच रंग लगाने को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक का कपड़ा फाड़ दिया गया, जिसके बाद विवाद अचानक बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए।
देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई और दोनों ओर से लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घटना के समय कुछ लोग शराब के नशे में थे, जिससे मामला और अधिक उग्र हो गया। इस झड़प में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं।
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि दिलीप राजवंशी, संजय राजवंशी, कुंदन राजवंशी और मिथिलेश राजवंशी समेत कई लोगों ने मिलकर हमला किया। परिवार के एक सदस्य ने बताया कि जब उनके बेटे के साथ मारपीट हो रही थी, तब वह उसे बचाने पहुंचे, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी बुरी तरह पीट दिया।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। जिस परिवार को होली का त्योहार खुशियों के साथ मनाना था, वह पूरा परिवार अस्पताल पहुंच गया।
इस मामले में पीड़ितों ने फतेहपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस सतर्क है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।