बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर किए जा रहे दावों के बीच जिले से एक बार फिर दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कुचायकोट थाना क्षेत्र के ईसुवापुर गांव में कथित तौर पर कुछ लोगों ने जेसीबी मशीन की मदद से एक परिवार के पैतृक मकान को गिराकर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया और इलाके में तनाव का माहौल बन गया है।
यह भी पढ़ें: चेकिंग में रोका गया ट्रक… तलाशी लेते ही उड़ गए होश, निकली हजारों बोतलों की खेप
पीड़ित पक्ष के अनुसार, मनोज दुबे के परिवार का वर्षों पुराना मकान उस जमीन पर स्थित था, जिस पर उनका कई पीढ़ियों से कब्जा चला आ रहा है। अचानक कुछ लोग भारी मशीन लेकर मौके पर पहुंचे और मकान को ध्वस्त कर दिया। घर के भीतर रखा फर्नीचर, अनाज और अन्य घरेलू सामान भी पूरी तरह नष्ट हो गया। सूचना मिलते ही कुचायकोट थाना की पुलिस और अंचल अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर स्थिति को नियंत्रित करते हुए पुलिस ने जेसीबी मशीन को जब्त कर लिया और दो लोगों को हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि इस दौरान आरोपियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
यह भी पढ़ें: आपलोग ऐसे ही साथ दीजिये हम पार्टी को..., अभिनंदन समारोह में BJP पर जम कर बरसे तेजस्वी...
मनोज दुबे ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए सिरिसिया गांव के लगभग एक दर्जन लोगों को नामजद किया है। उनका कहना है कि जमीन से जुड़ा विवाद न्यायालय में लंबित है, इसके बावजूद आरोपियों ने कानून को हाथ में लेकर मकान गिरा दिया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि परिवार के कुछ सदस्य विदेश में कार्यरत हैं, जिसका फायदा उठाकर भूमाफिया जमीन पर कब्जा कर उसे बेचने की साजिश रच रहे हैं। घटना के बाद से परिवार दहशत में है और सुरक्षा की मांग कर रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।