भाकपा-माले की राज्य स्थायी समिति और जिला सचिवों की एक दिवसीय बैठक आज पटना स्थित राज्य कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता स्वेदश भट्टाचार्य, राज्य सचिव कुणाल, धीरेन्द्र झा, अमर, सांसद राजाराम सिंह, मीना तिवारी, मंजू प्रकाश, आरएन ठाकुर सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। इस बैठक में 9 मार्च को पटना में आयोजित होने वाली बदलो बिहार महाजुटान रैली और उससे पहले विभिन्न प्रमंडल मुख्यालयों पर आयोजित होने वाले समागम की तैयारियों पर चर्चा की गई।
राज्य सचिव कुणाल ने नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा को लेकर कहा कि इसके नाम पर राज्यभर में पुलिसिया आतंक फैलाया जा रहा है। नीतीश कुमार आज पूरी तरह से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के नक्शे कदम पर चल रहे हैं। राजनीतिक कार्यकर्ताओं को दबाने के लिए उन्होंने राज्य में एक ऐसा माहौल बना दिया है, जिसमें किसी भी विरोध को अपराध माना जाने लगा है।उन्होंने विशेष रूप से गोपालगंज और और सिवान जिलों का जिक्र किया, जहां प्रगति यात्रा के दौरान दमन किया गया. उन्होंने बताया कि आज सिवान में आशा नेत्री मालती राम, विद्यालय रसोइया की नेता सोहिला गुप्ता, कुंती यादव और आइसा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य विकास यादव जैसे प्रमुख कार्यकर्ताओं सहित 100 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनका केवल इतना अपराध था कि वे अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रहे थे। माले के कई कार्यकर्ताओं को हाउस अरेस्ट किया गया. छात्र-युवाओं ने “दमनकारी मुख्यमंत्री वापस जाओ” के नारे के साथ मैरवा में मार्च निकाला।बैठक में राज्य में बढ़ते अपराध और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की गई। विशेष रूप से कैमूर जिले के सोनहन थाना क्षेत्र के इटाढ़ी गांव में माले नेता आज़ाद राम की हत्या को लेकर पार्टी ने विरोध जताया। माले ने मांग की है कि उनके हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। यह भी आरोप लगाया कि बिहार में एक तरफ पुलिस का आतंक राज चल रहा है, जबकि दूसरी तरफ अपराधियों का मनोबल इस कदर बढ़ चुका है कि वे बिना किसी डर के अपराधों को अंजाम दे रहे हैं। माले ने कहा कि यह स्थिति राज्य के आम नागरिकों के लिए खतरनाक बनती जा रही है, क्योंकि प्रशासन की ओर से कानून और व्यवस्था बनाए रखने में नाकामी दिख रही है। आम जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी पूरी तरह से सरकार की है, लेकिन आज सरकार अपने दमनकारी रवैये से जनता को आतंकित करने में लगी हुई है।माले ने यह भी स्पष्ट किया कि 9 मार्च को पटना में होने वाली बदलो बिहार महाजुटान रैली में राज्यभर के सभी क्षेत्रों से भारी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। यह रैली भाजपा – जदयू के शासन और पुलिसिया आतंक के खिलाफ एक मजबूत आवाज बनेगी।