Banka : दिल्ली के सांसद और लोकप्रिय भक्ति गायक मनोज तिवारी सुल्तानगंज से गंगाजल भरकर बैजनाथ धाम की यात्रा पर निकले हैं। इस दौरान जैसे ही उनका काफिला बांका जिले के सुईया पहुंचा तो मनोज तिवारी ने किशनगंज धर्मशाला में रात्रि विश्राम किया। यात्रा की थकान के बीच उन्होंने भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालुओं के साथ समय बिताया और भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
धर्मशाला परिसर में आयोजित भंडारे में सैकड़ों कांवरियों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इससे पहले भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। जिसमें मनोज तिवारी स्वयं भी शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ मिलकर भक्ति गीतों पर झूमते हुए माहौल को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय भाजपा कार्यकर्ता, श्रद्धालु और कांवर यात्री उपस्थित रहे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर तिवारी का भव्य स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बाबा धाम की यात्रा आत्मिक शांति और भक्ति का अनमोल अवसर है, जिसे पूरे श्रद्धा भाव से निभाना चाहिए।
वहीं, रात्रि विश्राम के दौरान मनोज तिवारी ने कई भक्ति गीत प्रस्तुत किए। विशेष रूप से "डूब जा रे मनवा डमरू वाला भेष में" पर श्रद्धालु झूमते और मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आए। पूरा माहौल भक्तिरस और उमंग से भर गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।
बांका से दीपक कुमार सिंह की रिपोर्ट