पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने रविवार को जदयू कार्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। पार्टी की सदस्यता लेने के बाद वे पटना जंक्शन स्थित हनुमान मंदिर पहुंचे और फिर वहां से पटना हाई कोर्ट के समीप स्थित दरगाह हजरत शाह जलाल पहुंच कर आशीर्वाद लिया। पार्टी की सदस्यता लेने के बाद निशांत सबसे पहले बजरंगबली मंदिर पहुंचे जहां उन्होंने पूजा अर्चना की। इस दौरान उनके समर्थक लगातार जिंदाबाद के नारे लगाते रहे और निशांत जहां भी गए उनके समर्थक बस एक झलक पाने के लिए बेकरार दिखें।
इस दौरान मीडिया से बात करते हुए निशांत कुमार ने कहा कि जिस तरह से पिता जी ने 20 वर्ष तक काम किया है, विश्वास बनाए रखियेगा हमारी कोशिश होगी उसी तरह से हम भी काम करेंगे। इसके साथ ही निशांत ने कहा कि आज हम पार्टी में आ गए हैं और अब सभी जिलाध्यक्ष से मुलाकात करेंगे और फिर बहुत जल्दी बिहार के भ्रमण पर भी निकलेंगे। हालांकि निशांत ने इस दौरान बिहार दौरा कब से करेंगे इसका जवाब नहीं दिया।

बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की घोषणा से पहले ही निशांत की पॉलिटिकल एंट्री की घोषणा हो गई थी। एक तरफ कार्यकर्ता जहां निशांत कुमार की पार्टी में एंट्री से काफी खुश हैं तो दूसरी तरफ नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले से दुखी भी हैं। अब माना जा रहा है कि बिहार में नए मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गठित सरकार में निशांत नंबर 2 की भूमिका में रहेंगे साथ ही उन्हें पार्टी में भी बड़ी जिम्मेवारी दी जा सकती है। हालांकि अब निशांत के समर्थक उनकी पॉलिटिकल एंट्री के बाद काफी जोश में हैं।