Join Us On WhatsApp

जदयू में निशांत कुमार की एंट्री: बोले– पिताजी के 20 साल के काम को आगे बढ़ाऊंगा

बिहार की राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने रविवार को पटना में जदयू की सदस्यता लेकर औपचारिक रूप से राजनीतिक पारी की शुरुआत कर दी।

Nishant Kumar's entry into JDU
जदयू में निशांत कुमार की एंट्री: बोले– पिताजी के 20 साल के काम को आगे बढ़ाऊंगा- फोटो : Darsh NEWS

बिहार की राजनीति में रविवार, 8 मार्च को एक अहम घटनाक्रम देखने को मिला। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने पटना स्थित जदयू कार्यालय में जनता दल यूनाइटेड (JDU) की सदस्यता ग्रहण कर ली। हालांकि इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मौजूद नहीं रहे। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने उन्हें औपचारिक रूप से सदस्यता दिलाई, जबकि केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता ललन सिंह ने उन्हें पार्टी का गमछा पहनाकर स्वागत किया। सदस्यता लेने के बाद निशांत कुमार ने संजय झा और ललन सिंह के पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया।

जदयू कार्यालय में इस मौके पर कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुटी। जब निशांत कुमार की गाड़ी पार्टी कार्यालय पहुंची तो कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। कई कार्यकर्ता हाथी, घोड़ा और ऊंट लेकर पहुंचे थे, जिससे माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया। मोकामा से बाहुबली नेता अनंत सिंह के समर्थक भी पटना पहुंचे और कार्यक्रम में शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम के दौरान “नीतीश कुमार जिंदाबाद” और “निशांत कुमार जिंदाबाद” के नारे गूंजते रहे। कुछ कार्यकर्ता “बिहार का सीएम कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो” के नारे भी लगा रहे थे।

यह भी पढ़ें: घोड़े-ऊंट-हाथी के साथ स्वागत की तैयारी, JDU में आज हो रही है निशांत कुमार की बैंड- बाजों के साथ एंट्री

निशांत कुमार सफेद कुर्ता और क्रॉक्स चप्पल पहनकर कार्यक्रम में पहुंचे और मंच से हाथ जोड़कर सभी कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। सदस्यता ग्रहण करने के बाद उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “मैं पार्टी के लिए मेहनत से काम करूंगा। मेरे पिताजी ने पिछले 20 वर्षों में जो काम किए हैं, उन्हें आगे बढ़ाने की कोशिश करूंगा।” उन्होंने आगे कहा, “मेरे पिताजी का राज्यसभा जाने का निर्णय उनका अपना फैसला है और मैं उसका सम्मान करता हूं। बिहार और देश की जनता से मेरी अपील है कि वे मेरे पिताजी पर अपना विश्वास बनाए रखें।” निशांत कुमार ने यह भी कहा, “मैं एक सक्रिय सदस्य के रूप में पार्टी को मजबूत बनाने का प्रयास करूंगा। जनता और पार्टी ने जो विश्वास मुझ पर जताया है, उस पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में काम करते हुए लोगों के दिलों में जगह बनाने का प्रयास करूंगा।”

यह भी पढ़ें: टी-20 फाइनल का जुनून: बिहार में कहीं बड़ी स्क्रीन, तो कहीं भारत की जीत के लिए हवन-पूजा

कार्यक्रम में जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि निशांत कुमार पार्टी के भविष्य हैं और उनके आने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।


Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp