Kaimur : आजादी के बाद भी कैमूर पहाड़ी के लोगों को पानी की समस्या से आज तक निदान नहीं मिला है। बता दें कि, कई किलोमीटर पानी के लिए लोग भटकते थे। अब बिहार सरकार ने शुद्ध पेयजल के लिए 293 करोड़ की मंजूरी दी है। अधौरा प्रखण्ड के 7 पंचायत के 41 वार्ड लाभान्वित होंगे। सोननदी के किनारे 9 बोरिंग किया जायेगा, जिसमे 6 बोरिंग से सप्लाई होगा और 3 स्टैंड बाई रहेगा।
सड़की गांव से 300 मीटर की दूरी पर स्थित सोन नदी है, सड़की गांव में मास्टर ग्राउंड स्टोरेज रिजर्व वायर बनाकर 3 हजार 140 किलोमीटर पानी को स्टोर किया जायेगा। अधौरा प्रखण्ड के अधौरा, आथन, बड़वान कला, चैनपुरा, डुमरांवा, सड़की,सरोदाग पंचायत के लोगों को शुद्ध पानी मिलेगा। बता दें कि, कैमूर पहाड़ी पर 108 गांव है जो दो प्रखण्ड में बंटा हुआ है। अधौरा प्रखण्ड के 11 पंचायत और चैनपुर के 2 पंचायत कैमूर पहाड़ी पर स्थित है। बिहार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कैमूर में प्रगति यात्रा के दौरान घोषण हुआ था कि, कैमूर पहाड़ी के लोगों को शुद्ध पेयजल योजना का लाभ मिलेगा।
कैमूर पहाड़ी पर लोगों को वर्षो से है पानी की समस्या
बता दें कि, कैमूर पहाड़ी पर भूगर्भ जलस्तर काफी नीचे है। जिसके कारण पानी की समस्या रहती है। मार्च से जून तक पानी की समस्या रहती है, पानी के लिए सुबह से कई किलोमीटर तक लोग भटकते है, तब प्यास बुझती है। अब पानी की समस्या का निदान देख कैमूर पहाड़ी के लोगों में खुशी है।
क्या बोले- पीएचईडी विभाग के कार्यपालक अभियंता
पीएचईडी विभाग के कार्यपालक अभियंता रवि प्रकाश ने बताया कि, कैमूर पहाड़ी पर शुद्ध पेयजल आपूर्ति योजना का कैबिनेट से मंजूरी मिल चुकी है। 293 करोड़ के लागत से अधौरा प्रखण्ड के 7 पंचायत में शुद्ध पेयजल पाइप द्वारा सप्लाई की जाएगी। सोन नदी से पानी लिफ्ट कर सप्लाई होगा, सोन नदी में 9 बोरिंग किया जायेगा, जिसमें 6 बोरिंग से पानी सप्लाई होगा। जबकि, 3 बोरिंग स्टैंड बाई में रहेगा। दो साल में कार्य पूरा किया जाएगा और 7 साल तक एजेंसी का मेंटेनेंस होगा। जल्द कार्य का टेंडर किया जाना है।
कैमूर से प्रमोद कुमार की रिपोर्ट