पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के बाद अब सरकार गठन की कवायद काफी तेज है। बुधवार को जदयू और भाजपा दोनों ही दलों के विधायक दल की बैठक की गई। भाजपा विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को नेता चुना गया है जबकि विजय सिन्हा को उप नेता चुना गया है। इधर जदयू के विधायक दल की बैठक में नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुना गया है। अब कुछ देर में NDA विधायल दल की बैठक विधानसभा के सेंट्रल हॉल में होगी जहां नीतीश कुमार को NDA का नेता चुना जायेगा और फिर वे राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
सम्राट और विजय सिन्हा होंगे उप मुख्यमंत्री
NDA के नेताओं की मानें तो विधानसभा चुनाव से पहले भी नीतीश कुमार मुख्यमंत्री थे और एक बार फिर नई सरकार में वे ही मुख्यमंत्री बनेंगे। इधर सूत्रों से जानकारी मिल रही है कि भाजपा कोटे से विजय सिन्हा उप मुख्यमंत्री बनाये जायेंगे। हालांकि उप मुख्यमंत्री पद की रेस में सम्राट चौधरी और मंगल पांडेय का नाम आगे था लेकिन अब सूत्रों से खबर मिल रही है कि सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा दोनों को उप मुख्यमंत्री बनाया जायेगा।

यह भी पढ़ें - मौजूदा विधानसभा आज हो जाएगा भंग, विधायक दलों की बैठक के बाद नीतीश चुने जाएंगे नेता और कल...
बैठक के बाद विधायक दल की बैठक के पर्यवेक्षक केशव प्रसाद मौर्य ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि बैठक में विधायक दल के नेता के रूप में विधायकों ने सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव दिया और सर्वसम्मति से उन्हें चुना भी गया जबकि उप नेता के रूप में विजय सिन्हा के नाम पर मुहर लगाई गई है। उन्होंने कहा कि सम्राट और विजय की जोड़ी फिट भी है और हिट भी है।