अररिया: बिहार चुनाव को लेकर सीट शेयरिंग पर बात बनते ही सभी दलों के प्रत्याशी अपना नामांकन करवाने लगे हैं। नामांकन के साथ ही नेताओं का चुनावी अभियान भी शुरू हो गया है। इसी कड़ी में गुरुवार को अररिया के सिकटी विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी विजय कुमार मंडल के नामांकन में शामिल होने के लिए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर पहुंचे। अररिया के कुर्साकांटा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने NDA को विकास का पर्याय बताया तो दूसरी तरफ विपक्ष पर भी बरसे।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि NDA का मतलब नेशनल डेमोक्रेटिक अलायन्स ही नहीं इसका मतलब नेशनल डेवलपमेंट अलायन्स भी है। इसका मतलब है कि जहां NDA है वहां विकास, विश्वास, सुशासन और उद्योग है, वहां जनता का राज है, बढ़िया लॉ एंड आर्डर है और सुरक्षित देश का बॉर्डर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी के समान ही अररिया में सांसद प्रदीप कुमार सिंह और विधायक विजय कुमार मंडल की जोड़ी है, जिन्होंने अररिया में विकास की नई गाथा लिखी है।
यह भी पढ़ें - खेसारी लाल यादव और उनकी पत्नी ने ली RJD की सदस्यता, कौन लड़ेंगे चुनाव के जवाब में कहा...
अररिया में गलगलिया तक रेल चली तो वन्दे भारत और अमृत भारत जैसी ट्रेन भी अब अररिया से चल रही है। यहां सड़कें बनी, पॉलिटेक्निक कॉलेज से लेकर मेडिकल कॉलेज तक खुले। यह धरती माता जानकी, भगवान बुद्ध, महावीर, गुरु गोविंद सिंह की जन्मभूमि के साथ ही वीर सैनिकों की धरती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान के नापाक इरादों के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए सैनिकों को खुली छुट दी जिसका परिणाम है सफल सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बिहार में लालू-राबड़ी शासनकाल की याद दिलाते हुए कहा कि लालू के जंगलराज में सूर्य अस्त तो बिहार त्रस्त--जनता पस्त और अपराधी मस्त हो जाते थे। NDA का शासनकाल आते ही बिहार की स्थिति बदल गई और बिहार ने विकास की नई लकीर खिंची है। आज केंद्र प्रायोजित योजनाओं में बिहार सबसे आगे है। बिहार में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए राज्य की सरकार ने दस-दस हजार रूपये दिए और अगर उनका रोजगार सफल होता है तो फिर उन्हें दो लाख रूपये तक की आर्थिक मदद की जाएगी।
यह भी पढ़ें - मुकेश सहनी की डूबेगी नाव या होगा बेरा पार? दो बार टाला प्रेस कांफ्रेंस अब तक नहीं बनी है सीट शेयरिंग पर बात....