टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर देशभर में उत्साह है, वहीं बिहार में भी क्रिकेट प्रेमियों के बीच जबरदस्त जोश देखने को मिल रहा है। दो बार की चैंपियन टीम इंडिया चौथी बार फाइनल में पहुंची है, ऐसे में फैंस को एक और खिताब की उम्मीद है।राजधानी पटना समेत कई शहरों में मैच को लेकर खास तैयारियां की जा रही हैं। बाजारों, चौराहों, कैफे और कॉलोनियों में बड़े एलईडी स्क्रीन लगाए जा रहे हैं, ताकि लोग एक साथ बैठकर फाइनल मुकाबले का आनंद ले सकें। पटना के गांधी मैदान में भी मैच का सीधा प्रसारण करने की तैयारी है, जहां बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों के जुटने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: घोड़े-ऊंट-हाथी के साथ स्वागत की तैयारी, JDU में आज हो रही है निशांत कुमार की बैंड- बाजों के साथ एंट्री
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाला यह मुकाबला शाम 7 बजे से शुरू होगा। टी-20 फॉर्मेट के आईसीसी फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें पहली बार आमने-सामने होंगी, जिससे इस मैच का रोमांच और भी बढ़ गया है। इधर वैशाली जिले में भी क्रिकेट फैंस अपने-अपने तरीके से टीम इंडिया की जीत की कामना कर रहे हैं। हाजीपुर के भगवानपुर इलाके में खेल प्रेमियों ने टीम इंडिया की जीत के लिए विशेष पूजा-अर्चना और हवन-यज्ञ का आयोजन किया।
यह भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप 2026 फाइनल: वरुण चक्रवर्ती की फॉर्म पर सस्पेंस, प्लेइंग इलेवन का फैसला आज!
खेल प्रेमी केदार प्रसाद यादव के नेतृत्व में यह पूजा आयोजित की गई, जिसमें पंडित अभय आचार्य ने विधि-विधान से अनुष्ठान कराया। केदार यादव ने कहा कि भारत की जीत के लिए पूरी श्रद्धा के साथ पूजा की जा रही है और जब तक टीम इंडिया फाइनल मुकाबला नहीं जीतती, तब तक प्रार्थना जारी रहेगी। हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हवन और पूजा के माध्यम से खिलाड़ियों के अच्छे प्रदर्शन और भारत की जीत की कामना की गई। क्रिकेट प्रेमियों का कहना है कि पूरे देश की तरह बिहार के लोग भी टीम इंडिया की जीत के लिए दुआ और प्रार्थना कर रहे हैं।