Patna Crime News : राजधानी पटना के पॉश इलाके किदवईपुरी से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जहां, डॉक्टर अभिजीत सिन्हा की पत्नी सृष्टि श्रेया की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। सृष्टि का शव श्रीकृष्ण नगर स्थित उनके फ्लैट में पंखे से लटका मिला। हालांकि, इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही सृष्टि के मायके वाले पटना पहुंचे और पूरे मामले को हत्या बताया है। मृतक सृष्टि की मां का कहना है कि, उनकी बेटी बहादुर थी कभी आत्महत्या नहीं कर सकती है, उसे मारकर फांसी से लटकाया गया है। वहीं, सृष्टि की बहन ने भी बड़ा आरोप लगाया है। कहा कि, जीजा के कई महिलाओं से संबंध थे और मौत से पहले दोनों के बीच काफी झगड़ा हुआ था।
वहीं, बताया जा रहा है कि, सृष्टि की तबीयत खराब होने पर पहले उन्हें उदयन अस्पताल ले जाया गया था। लेकिन, वहां से पीएमसीएच में भर्ती कराया गया। जहां, उनकी मौत हो गई। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। इस दौरान पोस्टमॉर्टम हाउस में परिजनों ने जमकर हंगामा किया और पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप भी लगाया। वहीं, घटना के बाद से ही डॉ. अभिजीत सिन्हा, उनकी मां डॉ. नीलम सिन्हा और भाई घर से फरार हैं। पुलिस को उनके बारे में खबर लिखें जाने तक कोई जानकारी नहीं मिली है।
यह मामला बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र की है। इस घटना की जांच में FSL की टीम को लगाया गया है। वहीं डीएसपी विधि व्यवस्था कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि, मामला संदिग्ध है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का खुलासा हो पाएगा।
आपको बता दें कि, सृष्टि श्रेया की शादी 2012 में डॉक्टर अभिजीत सिन्हा से हुई थी। वह मूल रूप से नवादा की रहने वाली थीं और पटना के श्रीकृष्ण नगर में अपने पति, सास और तीन बच्चों के साथ रहती थीं। वहीं डॉक्टर अभिजीत इस समय बेगूसराय के नेशनल हॉस्पिटल में पदस्थापित हैं। फिलहाल, पुलिस ने मायके वालों के बयान को दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।