Bettiah : नरकटियागंज प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चंपापुर आने जाने में मंगरहरी और बैरिया गांव के करीब 100 से अधिक छात्र-छात्राओं को मनियारी नदी पार कर विद्यालय आना जाना पड़ता है। मनियारी नदी पर विद्यालय के छात्र और छात्राओं सहीत शिक्षकों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधीयों से पुल बनाने की मांग कर चुके है। यह पहाड़ी नदी वर्षा के मौसम में उपद्रवी हो जाती है। ऐसी स्थिति में यहां के छात्र-छात्राओं को स्कूल जाने के लिए मुख्य सड़क से वाया गोखुला होकर 12 किलोमीटर के फेरे लगाने पड़ते हैं। आपको बता दें कि, साल में करीब 3 महीने यहां के छात्र-छात्राएं गांव के समीप नदी को पार कर करीब डेढ़ किलोमीटर दूर विद्यालय आते जाते हैं। उस दौरान मौसम बिगड़ते देख बच्चों को पार कराने में शिक्षक भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस संबंध में विद्यालय के प्रधान शिक्षक कंचन कुमार ने बताया कि, विद्यालय आगमन के समय और बच्चों को विद्यालय से घर लौटने के समय दो शिक्षक नदी के पास अपनी देखरेख में उन्हें पार कराते हैं। छात्र-छात्राओं ने बताया कि, विद्यालय में नियमित पठन पाठन हो रहा है। पर्याप्त संख्या में शिक्षक भी उपलब्ध हैं ऐसे में चिंता बनी हुई है कि, अधिक वर्षा होने के बाद नदी पार करना मुश्किल होता है। उस समय 12 किलोमीटर की दूरी तय करना भी चुनौती पूर्ण होता है । ग्रामीणों का कहना है कि, आज तक बैरिया के पास मनियारी नदी पर पुल का निर्माण नहीं हुआ। पुल का निर्माण होता तो बच्चों को स्कूल जाने के साथ-साथ गांव के किसानों को नदी के दूसरी तरफ खेती करने में भी सहूलियत होती।
बेतिया से आशिष कुमार की रिपोर्ट