 
                        सीवान: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बिहार में दो चुनावी सभाएं की। उन्होंने सीवान और भोजपुर में जनसभाओं को संबोधित करते हुए लोगों से बिहार के विकास के लिए एक बार फिर NDA सरकार बनाने की अपील की। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर भी जोरदार हमला किया। एक तरफ उन्होंने विपक्ष में अपराधियों और बाहुबलियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया तो लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी जम कर चुटकी ली।
जनसभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में काफी विकास हुआ है। पिछले 20 वर्षों में बिहार में सरकार ने काफी कुछ किया है और बिहार में सुशासन की स्थापना की। यहां मौजूद आपलोगों की भीड़ यह बता रही है कि अब बिहार में लाल सलाम नहीं बल्कि जय श्री राम गूंजेगा। बिहार में अयोध्या राम मंदिर की तर्ज पर माता जानकी की भव्य मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है। राजद के लालटेन ने बिहार में अँधेरा कायम किया हुआ था। वे जब भी किसी गरीब के हक़ की डकैती करना चाहते थे तो लालटेन बुझा देते थे लेकिन आज बिहार में बेहतर सड़कें हैं, रेल कनेक्टिविटी है, हवाई संपर्कता बढ़ रही है। राजधानी पटना में मेट्रो शुरू हो गया, अब जल मार्ग पर काम चल रहा है, 4 लेन सड़कें बनाई जा रही है, इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेज बनाये जा रहे हैं और किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की शुरुआत की जा चुकी है।
यह भी पढ़ें - मोकामा कांड पर भड़के तेजस्वी ने कहा 'ये लोग..', NDA के संकल्प पत्र पर भी किया कटाक्ष...
सीएम योगी आदित्यनाथ ने बिहार के मतदाताओं से अपील की कि बिहार में एक बार फिर से NDA की सरकार बनाइये और अपने राज्य के विकास की गति और भी तेज करने में अपना सहयोग दीजिये। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में NDA ने वडा किया था कि माफिया और दंगों का राज खत्म कर देंगे और पिछले साढ़े 8 वर्षों में एक भी दंगा नहीं हुआ, किसी ने दंगा करने की कोशिश की तो उसे न सिर्फ जेल भेजा गया बल्कि उसकी संपत्ति जब्त कर गरीब लोगों के लिए घर बना दिया गया। देश के विकास के लिए हमें बिहार का विकास करना होगा, और बिहार के विकास के लिए NDA की सरकार जरूरी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आप लोग एक बार फिर से बिहार में NDA की सरकार बनाइये।
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस को अंग्रेजों का उत्तराधिकारी बताते हुए कहा कि वह लोग अब भी अंग्रेजों के नियमों का पालन कर रहे हैं। उन्होंने बिहार को बर्बाद करना शुरू किया और रही सही कसर को राजद ने पूरी कर दी। राजद के कार्यकाल के दौरान बिहार में अपराध, किडनैपिंग एक उद्योग बन चुके थे। मैं कल रघुनाथपुर गया था, वहां एक माफिया फिर से कब्ज़ा करना चाहता है। उत्तर प्रदेश में तो माफियाओं को हम बुलडोजर से नेस्तनाबूद कर देते हैं और उनके लिए नरक के दरवाजे भी खोल देते हैं। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसा और कहा कि राहुल गांधी अब बिहार चुनाव प्रचार में शामिल हो गए हैं। उनका चुनाव प्रचार में शामिल होने से NDA की जीत पक्की हो गई है।