सीतामढ़ी जिले के डुमरा प्रखंड अंतर्गत मेहसौल थाना क्षेत्र में बीती रात चोरों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दी है। राजोपट्टी मस्जिद के सामने स्थित वाशिंग मशीन और सीसीटीवी रिपेयरिंग दुकान को निशाना बनाकर चोर करीब 7 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति उड़ा ले गए। घटना के बाद इलाके में दहशत और व्यापारियों में गहरी नाराजगी देखने को मिल रही है।
पीड़ित दुकानदार मोहम्मद शहजाद के अनुसार, वे रोज की तरह रात में दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह जब दुकान खोली तो ताले टूटे हुए थे और अंदर रखा वाशिंग मशीन, सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर, रिपेयरिंग से जुड़े उपकरण, नकदी सहित कई कीमती सामान गायब थे। उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मेहसौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। प्राथमिक जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि चोरी की वारदात सुनियोजित तरीके से की गई है और इसमें एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें: जहानाबाद में डिलीवरी के बाद महिला की मौत, लापरवाही पर भड़का जनआक्रोश
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि इलाके में हाल के दिनों में चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, लेकिन गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्री गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की गहन जांच की जा रही है। प्रशासन का दावा है कि जल्द ही इस चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।