Purnia : गोकुल कृष्ण आश्रम स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। इसमें पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज के कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस मौके पर अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष ओमेद खान भी शामिल हुए। वहीं प्रदेश अध्यक्ष का फूल माला पहनकर गर्म जोशी के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं से संवाद कर चुनाव की तैयारी करने की अपील की गई। अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि, बिहार से परिवर्तन की बयार बहेगी। जिसकी गूंज पूरे देश में सुनाई देगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए कहा कि, उन्होंने जो लोगों से वादा किया था उसमें एक वादा भी पूरा नहीं किया। पिछले 11 साल में काला धन और बढ़ गया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि, IIT इंजीनियर को भी नौकरी नहीं मिल रही है। सरकार ने कफन तक पर टैक्स लगा दिया है। उन्होंने कहा कि, बिहार में डबल इंजन की सरकार पिछले 20 साल से काम कर रही है। लेकिन, पलायन कम नहीं हुआ है। महंगाई और बेरोजगारी बढ़ती ही जा रही है। साथ ही अपराध का ग्राफ भी बढ़ रहा है और अराजकता कायम है। अंतिम पायदान पर बैठे लोग और गरीब होते जा रहे हैं। जबकि, चंद लोगों के हाथ में पूंजी आती जा रही है। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष ने कहा कि, हमलोग काम पर विश्वास करते हैं इस बार सीमांचल की सातों सीटों पर महागठबंधन की जीत होगी। कांग्रेस के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष अली खान ने कहा कि, प्रखंड और पंचायत स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ प्रमंडलीय बैठक की गई। उन्होंने ये भी कहा कि, इस बार जनता बदलाव के मूड में है।
पूर्णिया से रोहित कुमार की रिपोर्ट