पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत पंडारक थाना क्षेत्र के लेमुआबाद गांव में शुक्रवार को एक युवक को गोली मारने की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि युवक गांव में आयोजित श्राद्ध कर्म के भोज में शामिल होने आया था, तभी अचानक हुई गोलीबारी से अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक की पहचान अमन के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार अमन श्राद्ध भोज में शामिल होकर अन्य लोगों के साथ बैठा हुआ था। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और बिना किसी कहासुनी के उस पर गोली चला दी। गोली अमन के कंधे के पास जा लगी, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
यह भी पढ़ें:
घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने घायल अमन को आनन-फानन में बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। अस्पताल में हुई एक्स-रे जांच में युवक की बांह में गोली फंसी होने की पुष्टि हुई है। दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले कार्यक्रम में हुई इस गोलीबारी से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह खुलेआम हुई वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें:
वहीं घटना की सूचना मिलते ही पंडारक थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। फिलहाल गोली मारने के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।