Join Us On WhatsApp

NH-2 पर तेज रफ्तार का तांडव! खड़ी टोटो में अर्टिगा की जोरदार टक्कर, पांच घायल

गया के बाराचट्टी में NH-2 पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब एक अर्टिगा कार ने सड़क किनारे खड़ी टोटो को टक्कर मार दी।

The rampage of high speed on NH-2
NH-2 पर तेज रफ्तार का तांडव! खड़ी टोटो में अर्टिगा की जोरदार टक्कर, पांच घायल- फोटो : Darsh NEWS

गया जिले के बाराचट्टी प्रखंड में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में अफरातफरी मचा दी। राष्ट्रीय राजमार्ग 2 (NH-2) पर सोभ गांव के पास तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने सड़क किनारे खड़ी एक टोटो में जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, झारखंड की ओर से आ रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और दक्षिणी लेन में खड़ी टोटो से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टोटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद कार भी कुछ दूरी पर जाकर रुक गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही बाराचट्टी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बाराचट्टी भेजा गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, प्राथमिक उपचार के बाद सविता देवी (32) और निशा कुमारी (30) की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का इलाज स्थानीय सीएचसी में जारी है।

यह भी पढ़ें: गोली चली बेटे पर, निशाना था पिता? पुलिस जांच में सामने आया बड़ा राज

थाना प्रभारी ने बताया कि कार चालक रमेश कुमार राम, निवासी चंद्रपुरा, जिला बोकारो (झारखंड) को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या चालक की लापरवाही से। इधर, स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क किनारे फल और सब्जी के ठेले लगाने से बढ़ते अतिक्रमण को दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बताया है। उनका कहना है कि सड़क संकरी होने से आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।


Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp