Join Us On WhatsApp

दोस्ती का खौफनाक अंत! चार दोस्तों ने एक साथ खाया जहर, दो की मौत, दो जिंदगी से जूझ रहे

सहरसा जिले में चार जिगरी दोस्तों द्वारा एक साथ कीटनाशक दवा खाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसमें दो युवकों की मौत हो गई जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है।

The tragic end of a friendship
दोस्ती का खौफनाक अंत! चार दोस्तों ने एक साथ खाया जहर, दो की मौत, दो जिंदगी से जूझ रहे- फोटो : Darsh NEWS

सहरसा जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड के कोसी दियारा क्षेत्र अंतर्गत कनरिया थाना क्षेत्र के फ़रेवा मुसहरी गांव में चार जिगरी दोस्तों ने एक साथ कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। इस हादसे में दो युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवकों की हालत नाजुक बनी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान अर्जुन सदा के 20 वर्षीय पुत्र राजा कुमार और मांगनी सदा के 18 वर्षीय पुत्र सन्नीदेवल कुमार के रूप में हुई है। वहीं, कुजली उर्फ संजय सदा के 16 वर्षीय पुत्र मुरारी कुमार और भोला सदा के 14 वर्षीय पुत्र सनोज कुमार का अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि चारों दोस्त आपस में गहरे मित्र थे और गांव में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में एक साथ नृत्य करने का काम करते थे।

यह भी पढ़ें: दहेज की बलि चढ़ी नवविवाहिता! बहू को मारकर खेत में छिपाया शव

बताया जाता है कि चारों युवक एक खाद्य दुकान से “फेराडॉन” नामक कीटनाशक दवा खरीदकर गांव से कुछ दूरी पर स्थित बहियार में मक्का के खेत के पास पहुंचे और बारी-बारी से उसका सेवन कर लिया। कुछ ही देर बाद जब गांव में इस घटना की जानकारी मिली तो हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की मदद से सभी युवकों को आनन-फानन में खगड़िया के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो की मौत हो गई।

यह भी पढ़ें: किताबें पढ़ने के लिए थीं या ढोने के लिए? बाढ़ के सरकारी स्कूल से सामने आई चौंकाने वाली तस्वीरें

घटना की सूचना मिलते ही कनरिया थाना प्रभारी राहुल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। घटनास्थल से कीटनाशक दवा के सैंपल और प्लास्टिक ग्लास बरामद किए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि चारों दोस्तों ने ऐसा कदम क्यों उठाया। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।


Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp