पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के बाद अब NDA खेमे में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया काफी तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि राजधानी पटना के गांधी मैदान में मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार एक बार फिर से शपथ लेंगे। उनके साथ में 20 मंत्री भी शपथ लेंगे। खबर मिल रही है कि नई सरकार में नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल में करीब 10 नए चेहरे भी शामिल हो सकते हैं जिसमें कुछ नए चहेरे जदयू और भाजपा से भी होंगे। सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार NDA ने 6 विधायकों पर एक मंत्रिपद देने का फ़ॉर्मूला तैयार किया है जिसके अनुसार भाजपा से 15, जदयू से 13 या 14, लोजपा(रा) से 3, हम और रालोमो से एक एक मंत्री बनाये जा सकते हैं।
मंत्रिमंडल में अधिकतर होंगे पुराने चेहरे
नीतीश कुमार की पार्टी जदयू की तरफ से बताया जा रहा है कि अधिकतर पुराने चेहरों को ही मंत्रिमंडल में जगह दी जाएगी लेकिन कुछ चेहरे बदल सकते हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और रुपौली विधायक कलाधर मंडल को भी नीतीश मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। इसके साथ ही राहुल कुमार सिंह, सुधांशु शेखर, पन्ना लाल सिंह पटेल इत्यादि का भी नाम सामने आ रहा है।
यह भी पढ़ें - सरकार गठन में आखिर कहाँ अटकी है बात? सोमवार शाम जदयू के दो दिग्गज चार्टर्ड प्लेन से पहुंचे दिल्ली फिर...
विधानसभा अध्यक्ष का पद रख सकती है भाजपा
जानकारी के अनुसार भाजपा करीब आधे मंत्रियों को बदलेगी और उनकी जगह पर नए चेहरे को जगह देगी। भाजपा से राणा रंधीर, गायत्री देवी और विजय कुमार खेमका के बारे में चर्चा तेज है कि मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। इसके साथ ही अटकलें लगाई जा रही है कि भाजपा एक बार फिर विधानसभा अध्यक्ष का पद अपने पास रखेगी और भाजपा से दो डिप्टी सीएम भी हो सकते हैं। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि नई सरकार में कितने डिप्टी सीएम होंगे और विधानसभा का पद किस पार्टी के पास होगा।
चिराग-मांझी की पार्टी को भी मिलेगा मंत्रिमंडल में जगह
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी लोजपा(रा) से तीन विधायक, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी हम से एक और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी रालोमो से एक विधायक को मंत्रिपद दिया जा सकता है। हालांकि अभी मंत्रिमंडल को लेकर NDA में बातचीत का सिलसिला लगातार जारी है।
यह भी पढ़ें - पारिवारिक विवाद पर लालू ने तोड़ी चुप्पी, कहा 'आप करते रहें अपना काम...'