बड़ी खबर राजधानी पटना से है जहां अज्ञात तत्वों ने बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी दी है। राज्यसभा चुनाव की गहमागहमी के बीच विधान सभा को बम से उड़ाने का धमकी मिलने के बाद पटना में प्रशासन में हड़कंप में मच गया। मामले को लेकर विधानसभा अध्यक्ष ने आनन फानन में अधिकारियों की एक बैठक बुलाई और फिर जांच के आदेश दिए। वहीं दूसरी तरफ आनन फानन में पुलिस ने बम और डॉग स्क्वॉड की मदद से पूरे परिसर की तलाशी ली। हालांकि जांच के दौरान कहीं कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं की गई।
मामले में जानकारी मिल रही है कि शुक्रवार को विधानसभा के आधिकारिक ई मेल आईडी पर मेल के माध्यम से उड़ाने की धमकी दी गई। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद पटना पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया जिसके बाद आनन फानन में जांच की गई। इस दौरान पूरे परिसर की सघन जांच की गई लेकिन कहीं कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं की गई। फिलहाल पुलिस अलर्ट पर है और बारीकी से जांच में जुट गई है वहीं पुलिस अब साइबर सेल की मदद से ईमेल भेजने वाले की पहचान कर कार्रवाई करने में जुट गई है।
धमकी मिलने के बाद विधानसभा परिसर और आसपास के पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई हैं। विधानसभा भवन में आने-जाने वाले लोगों की सघन जांच की जा रही है। हर गाड़ी और व्यक्ति की तलाशी ली जा रही है ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।