पटना: महागठबंधन में सीट शेयरिंग पर बात नहीं बनने पर राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पशुपति पारस ने अब महागठबंधन से अलग होने का निर्णय किया है। पशुपति पारस के महागठबंधन से अलग हो कर सभी 243 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की घोषणा के साथ ही एक बड़ा झटका लगा है। उनकी पार्टी के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष सूरजभान सिंह ने पार्टी और अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पार्टी से लोकतंत्र खत्म होने का आरोप लगाते हुए पार्टी से इस्तीफा दिया है।
सूरजभान सिंह ने अपने इस्तीफे में बताया है कि पार्टी में लोकतंत्र पूरी तरह से समाप्त हो गया है। अब संभावना जताई जा रही है कि सूरजभान सिंह राजद की सदस्यता लेंगे और उनकी पत्नी वीणा देवी राजद की टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ेंगी।
बता दें कि विधानसभा चुनाव को देखते हुए पशुपति पारस महागठबंधन में शामिल हो गए थे लेकिन उन्हें गठबंधन में तरजीह नहीं मिली जिसके बाद उन्होंने बुधवार को घोषणा की कि वे भीम आर्मी और एक अन्य दल के साथ मिलकर अलग मोर्चा बनाएंगे और सभी 243 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेंगे। पशुपति पारस की पार्टी की तरफ से महागठबंधन से अलग होने की घोषणा के बाद सूरजभान सिंह ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया।