Join Us On WhatsApp

गांव की दुश्मनी निकालने के लिए रचा गया मौत का ड्रामा? पुलिस जांच में बड़ा खुलासा

काइमूर के भभुआ थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शराब के नशे में युवक की मौत के बाद परिजनों ने दुश्मनी निकालने के लिए निर्दोष लोगों को फंसाने की साजिश रच दी।

A death drama was staged to settle a village feud
गांव की दुश्मनी निकालने के लिए रचा गया मौत का ड्रामा? पुलिस जांच में बड़ा खुलासा- फोटो : Darsh NEWS

कैमूर जिले के भभुआ थाना क्षेत्र के शिवो गांव में 10 जनवरी 2026 को नहर से एक युवक का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मृतक की पहचान सुधाकर नारायण तिवारी के रूप में हुई। घटना के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया और मृतक के पिता नाचकु तिवारी ने गांव के पांच लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई।

हालांकि पुलिस जांच में मामला पूरी तरह पलट गया। काइमूर पुलिस अधीक्षक Hari Mohan Shukla ने बताया कि एफएसएल टीम की जांच और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद सच्चाई सामने आई। अनुसंधान में पता चला कि घटना वाले दिन सुधाकर ने अत्यधिक शराब पी रखी थी और गांव में हंगामा कर रहा था। उसके दो भाइयों ने उसे कमरे में बंद कर दिया, जहां उसकी मौत हो गई।

यह भी पढ़ें: लोकसभा अध्यक्ष से मिले सांसद पप्पू यादव, सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा...

मामले को छिपाने और गांव के विरोधियों को फंसाने की नीयत से दोनों भाइयों ने रात के अंधेरे में स्कूटी से शव को पास की नहर में फेंक दिया और सुबह हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस की सख्त जांच के बाद दोनों भाइयों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने झूठा मुकदमा दर्ज कराने और साजिश रचने के आरोप में दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसपी हरि मोहन शुक्ल ने जिलावासियों से अपील की है कि झूठे मामले दर्ज कराकर किसी को फंसाने की कोशिश न करें। पुलिस पर भरोसा रखें, अन्यथा जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp