Bihar Special Task Force (STF) और Munger district पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध हथियार बनाने वाली एक मिनीगन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई शामपुर थाना क्षेत्र के कुलहड़िया पहाड़ इलाके में की गई, जहां छापेमारी के दौरान हथियार बनाने वाले एक कारीगर को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. वसीम के रूप में हुई है। वह मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मिर्जापुर बरदह गांव का रहने वाला है। पुलिस ने उसके पास से निर्मित और अर्धनिर्मित हथियारों के साथ-साथ हथियार बनाने के कई उपकरण बरामद किए हैं। हालांकि, मौके से उसके पांच अन्य सहयोगी घने जंगल और पहाड़ी इलाके का फायदा उठाकर फरार हो गए।
यह भी पढ़ें: बिहार विधानसभा का रण! एक तरफ अपराध पर बवाल, दूसरी तरफ विकास का दावा
पुलिस के अनुसार, इस मिनी फैक्ट्री में देशी पिस्टल और मैगजीन तैयार की जा रही थीं, जिन्हें अपराधियों को सप्लाई किया जाता था। बरामद सामान में एक पूर्ण निर्मित देशी पिस्टल, चार अर्धनिर्मित देशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, दो मैगजीन, एक खोखा, छह बेस मशीन, दो ड्रिल मशीन, दस अर्धनिर्मित मैगजीन, एक मोबाइल फोन और भारी मात्रा में अन्य उपकरण शामिल हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि मो. वसीम के खिलाफ पहले से ही टेटिया बंबर थाना में आर्म्स एक्ट के तहत एक मामला दर्ज है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
यह भी पढ़ें: मोतिहारी में चरस या चालबाज़ी? 24 किलो नशा कोर्ट पहुँचा तो निकली ईंट, पूरी खबर पढ़ें
अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से अवैध हथियार कारोबार पर बड़ा प्रहार हुआ है। पुलिस नेटवर्क की पूरी कड़ी खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हथियार किन-किन जिलों में सप्लाई किए जा रहे थे। मामले में शामपुर थाना में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।