Daesh NewsDarshAd

झारखंड के हुसैनाबाद विधानसभा स्तरीय चूल्हा प्रमुख सम्मेलन सह शपथ ग्रहण समारोह हुआ सम्पन्न, छत्तरपुर और लातेहार में आयोजित कार्यक्रम में भी कई लोगों ने थामा आजसू का दामन।

News Image

पलामू : जनता के सामने 400 वादे लेकर सत्ता में आई सरकार ने हर वर्ग को धोखा दिया, निराश किया है। पांच साल में पलामू के लिए क्या किया है यह बताए सरकार। शिक्षा, सिंचाई, रोजगार हर मानक पर विफल रही है यह सरकार। रोजगार की समुचित व्यवस्था न होने के चलते राज्य में पलायन बढ़ा है। युवा जीवन यापन के दूसरे प्रदेशों में काम करने को मजबूर हैं। जनता का विचार बंटकर नहीं जुड़कर आए इसकी तैयारी है। राज्य में 2 लाख शिक्षकों के पद रिक्त हैं। सरकार इन्हें न भर कर न सिर्फ युवाओं को नियुक्ति से दूर रख रही है बल्कि राज्य के वर्तमान के साथ साथ भविष्य को भी बर्बाद कर रही है। नई ऊर्जा, नई ताकत के साथ विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटें पार्टी के सभी कार्यकर्ता। आने वाले चुनाव में सभी चूल्हा प्रमुखों की भूमिका अहम है। 

उक्त बातें पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने टाउन हॉल, हुसैनाबाद में आयोजित हुसैनाबाद विधानसभा स्तरीय चूल्हा प्रमुख सम्मेलन सह शपथ ग्रहण समारोह में कही। मौके पर उपस्थित सभी चूल्हा प्रमुखों ने शपथ ग्रहण किया। मौके पर उपस्थित सभी चूल्हा प्रमुखों को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि सरकार के पास लोगों के हित के लिए कोई रोडमैप नहीं है। नीतियां बनाने और हर वर्ष 5 लाख नौकरी देने का वादा करने वाली सरकार आज युवाओं पर लाठियां बरसा रही है। सहायक पुलिस, पारा शिक्षक, सहिया समेत सभी अनुबंध कर्मियों से सरकार ने अलग अलग वादे किए थे। पांच साल में इन्होंने कोई वादे पूरे नहीं किए। इन वादों का हिसाब मांगने के लिए यह लोग सड़कों पर हैं। समान काम- समान वेतन का नारा कहाँ गया सरकार इसका जवाब दें। 400 वादों की पोथी लेकर आने वाली हेमंत सरकार दो कदम भी नहीं चल पाई। 

इससे पूर्व छत्तरपुर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि कृषि प्रधान इस क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था के विकास से हमारी अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है लेकिन सरकार के पास पलामू के लिए कोई प्लान नहीं है। लोगों के भविष्य को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी सरकार पर होती है परंतु इस सरकार ने जनमानस की भलाई की दिशा में कुछ नहीं किया। सरकार जनता के बीच अपने होने का एहसास तक नहीं दिला पाई। हमारी तैयारी समाज के हर व्यक्ति की आवश्यकताओं को बेहतर नेतृत्व और सम्मान देने की है। मौके पर नवडीहा बाजार प्रखंड प्रमुख रेशम कुमारी जी ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

सभा को संबोधित करने के बाद सुदेश महतो ने छत्तरपुर प्रखंड अंतर्गत कौवल गांव में जननायक 'भारत रत्न' कर्पूरी ठाकुर जी की प्रतिमा की आधारशिला भी रखी।

लातेहार में आयोजित मिलन समारोह में पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो की उपस्थिति में कई नेताओं और समाजसेवियों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी में शामिल हुए सभी साथियों का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि लातेहार में अभी बहुत काम करने की जरूरत है। क्षेत्र के विकास और क्षेत्रवासियों के सपनों को पूरा करने के लिए सिर्फ सचिवालय में बैठकर नहीं जमीनी स्तर पर काम करने की आवश्यकता। पार्टी में शामिल हुए सभी साथियों के साथ हम लातेहार की आवाज़ बनेंगे। आप सभी के आने से क्षेत्र में पार्टी की मजबूती बढ़ेगी। 

Darsh-ad
Darsh-ad
Darsh-ad

Scan and join

Description of image