Daesh NewsDarshAd

सरकार को अपनी राजनीतिक जिम्मेदारियों का बोध नहीं, अब इनकी विदाई का समय : सुदेश महतो

News Image

जामताड़ा/रांची : राजशाही व्यवस्था को समाप्त कर हम वास्तविक लोकतांत्रिक व्यवस्था को पार्टी के मजबूत आधार चूल्हा प्रमुख के माध्यम से स्थापित करेंगे। सभी चूल्हा प्रमुख जामताड़ा का नेतृत्व करेंगे। राज्य सरकार को अपनी राजनीतिक जिम्मेदारियों का बोध नहीं है। यह इनकी विदाई का समय है। सरकार जनता से किए एक भी वादे को पूरा नहीं कर पाई। नियोजन व स्थानीय नीति लाने का वादा करने वाली सरकार आज अपने हाथों से दूसरे राज्य के लोगों को नियुक्ति पत्र बांट रही है।

उक्त बातें पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने यज्ञ मैदान जामताड़ा में आयोजित जामताड़ा विधानसभा स्तरीय चूल्हा प्रमुख सम्मेलन सह शपथ ग्रहण समारोह में कही। मौके पर उपस्थित सभी चूल्हा प्रमुखों ने शपथ ग्रहण किया। इस दौरान कई स्थानीय युवाओं ने पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की।

सुदेश महतो ने कहा कि पांच सालों में सरकार को महिलाओं, गरीबों, शोषितों और वंचितों की याद नहीं आई अब चुनाव सामने आता देख सरकार महिलाओं को एक हजार रुपए देने की बात कह रही है। इस घोषणा के माध्यम से यह लोग फिर एक बार जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। इन्होंने सरकारी अधिकारियों को उनके दायित्व और कर्तव्य से दूर कर दिया है जिसका खामियाजा आम गरीब इंसान को भुगतना पड़ रहा है। सरकार ने ग्राम सभा के मूल्य को समाप्त कर दिया है नतीजन अबुआ आवास आज बबुआ आवास बन कर रह गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार को यह बताना चहिए कि उन्होंने इन पांच सालों में आदिवासी, मूलवासी अल्पसंख्यक के कल्याण के लिए क्या किया है? काम पर नहीं समाज के नाम पर वोट हासिल करना इनका उद्देश्य। राजनीति किसी एक व्यक्ति या विचार से चलने वाला विषय नहीं है। राजनीति सामूहिकता का नाम है। दुमका में आयोजित मिलन समारोह में सुदेश महतो ने कहा कि राज्य के हित में सोचने वाला हर एक व्यक्ति आज प्रदेश की वर्तमान स्थिति से हताश व निराश है। राज्य को फिर से विकास की पटरी पर लाने के लिए नेतृत्व परिवर्तन की आवश्यकता है जिसके लिए हम सभी को एकजुट होकर कार्य करना है। आप सभी के पार्टी में शामिल होने से इस क्षेत्र में संगठन को मजबूती मिलेगी। आप सभी जनता के बीच रहकर उनके सुख दुःख के साथी बनें और सरकार की वदाख़िलाफियों को जन जन तक पहुँचाने का काम करें। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के कई नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

आजसू पार्टी द्वारा राज्य के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में चूल्हा प्रमुख सम्मेलन सह शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इसी के तहत कल दिनांक 28 जुलाई दिन रविवार को चंदनकियारी विधानसभा स्तरीय चूल्हा प्रमुख सम्मेलन सह शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष उमाकांत रजक के नेतृत्व में किया जा रहा है। इस कार्यक्रम से पूर्व रांची के बोड़ेया स्थित गोल्डन मोमेंट बैंक्वेट हॉल में मिलन समारोह का आयोजन किया गया है। इस मिलन समारोह में केंद्रीय सचिव सह रांची महानगर प्रभारी जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में युवा समाजसेवी निर्मल उरांव अपने कई समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। इन दोनों कार्यक्रमों में आजसू पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो शामिल होंगे। कार्यक्रमों की तैयारी पूरी कर ली गयी है। 

चंदनकियारी के चंडीपुर फुटबॉल मैदान में आयोजित चूल्हा प्रमुख सम्मेलन सह शपथ ग्रहण समारोह कार्यक्रम में सुदेश कुमार महतो सभी चूल्हा प्रमुखों को पद की शपथ दिलाएंगे और पार्टी की मजबूती के लिए आगे की कार्ययोजना और रणनीतियों पर चर्चा करेंगे।

Darsh-ad
Darsh-ad
Darsh-ad

Scan and join

Description of image