पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब बिहार छोड़ कर दिल्ली की राजनीति में जा रहे हैं और इसके लिए उन्होंने राज्यसभा चुनाव हेतु अपना नामांकन भी दाखिल कर दिया है। नीतीश कुमार के साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर, भाजपा के शिवेश कुमार और रालोमो के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने भी अपना नामांकन दाखिल किया और इस दौरान मौके पर गृह मंत्री अमित शाह, गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा समेत अन्य कई नेता मौजूद रहे।
सीएम नीतीश के नामांकन दाखिला के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने उनकी जम कर तारीफ की। अमित शाह ने कहा कि बिहार के लोग उनके कार्यकाल को हमेशा याद करेंगे। उनका अब तक का राजनीतिक करियर बेदाग रहा है और वे लंबे समय बाद राज्यसभा में प्रवेश करेंगे। 2005 से अब तक उन्होंने बिहार के सीएम रहते हुए बहुत कुछ विकास किया और उनका नाम बिहार के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जायेगा। उन्होंने बिहार को जंगलराज से मुक्त कराया और राज्य में सड़कों का जाल बिछाया। किसी और नेता ने शायद ही इतना लंबा सफर किया होगा।
यह भी पढ़ें - नीतीश युग का हुआ अंत तो भावुक हुए समर्थक, NDA के नेताओं ने अगले चेहरा को लेकर क्या कहा...
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार ने हर घर में बिजली पहुँचाया और उन्होंने राजनीतिक जीवन में हमेशा शुचिता और ईमानदारी बरती। उनके इतने लंबे कार्यकाल के बावजूद एक भी दाग नहीं लगा और वह पूरी तरह से बेदाग रहे। उनकी लीडरशिप में पीएम मोदी की सभी योजनाओं का लाभ जन जन तक पहुंचा। उन्होंने जेपी के सिद्धांतों पर अपनी राजनीतिक सफर की और हम उनका राज्यसभा में हार्दिक स्वागत करते हैं। इस दौरान उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का भी राज्यसभा में स्वागत किया।
बता दें कि सीएम नीतीश ने खुद ही सोशल मीडिया पोस्ट कर इस बात की जानकारी दी कि वह बिहार और देश के दोनों ही सदनों के सदस्य बनना चाहते थे और अब उनकी इक्षा है कि वे राज्यसभा जाएँ। बता दें कि अब बिहार की राजनीतिक गलियों में चर्चा तेज है कि भाजपा अपनी पार्टी के किसी नेता को मुख्यमंत्री बनाएगी जबकि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को बिहार का उप मुख्यमंत्री बनाया जायेगा। इस बीच खबर मिल रही है कि नीतीश कुमार 10 अप्रैल तक बिहार के मुख्यमंत्री बने रहेंगे और उसके बाद बिहार में नए मुख्यमंत्री का शपथग्रहण होगा।
यह भी पढ़ें - नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए दाखिल किया नामांकन, गृह मंत्री समेत अन्य नेता रहे मौजूद...