पटना: बिहार विधान परिषद की कार्यवाही के दौरान मंगलवार को सदन में काफी हंगामा हुआ। स्थिति ऐसी हो गई कि सभापति को मार्शल बुला कर विपक्ष के सभी सदस्यों को बाहर करना पड़ा और सभी को एक दिन के लिए सस्पेंड करना पड़ा। मामले को लेकर पक्ष और विपक्ष एक दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहा है। सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद बाहर निकले बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने राजद MLC सुनील सिंह पर गंभीर आरोप लगाये। उन्होंने कहा कि ये लोग राजनीति दलितों के नाम पर करते जरुर हैं लेकिन इनकी मानसिकता हमेशा ही दबा कर रखने की है। ये लोग सदन के बाहर और अंदर हर जगह गुंडागर्दी करते हैं। वहीं दूसरी तरफ राजद MLC ने मंत्री अशोक चौधरी पर अमर्यादित शब्दों के उपयोग का आरोप लगाया और कहा कि जब आप किसी को गाली देंगे तो फिर प्रतिउत्तर तो सुनना ही पड़ेगा।
राजद MLC ने मेरे साथ की बदतमीजी
सदन से बाहर निकलने के बाद मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि सदन में कार्य शुरू होने के पहले ही उन लोगों ने टीका टिप्पणी शुरू कर दी। सबसे पहले अब्दुल बारी सिद्दीकी ने बहुत ही सधे अंदाज में अपनी बात रखी और इसके बाद राजद के हार्वर्ड रिटर्न सदस्य जो अपने आपको चलता फिरता इनसायक्लोपीडिया ने अपनी बात शुरू की और हंगामा करने लगे। इस दौरान सभापति ने नियमन दिया लेकिन वे लोग इसके बावजूद वेल में आ गए। सभापति खड़े हो कर बार बार कह रहे थे कि आपलोग प्रश्नकाल को बाधित कर रहे हैं, आपको हाफ टाइम के लिए सदन से बाहर किया जाता है। इसके बाद वे लोग मेरी सीट के पास आ गए और तू-तू मैं-मैं करते हुए गाली गलौज की और मेरी तरफ ऊँगली दिखा कर हंगामा करते रहे।
यह भी पढ़ें - विधान परिषद की कार्यवाही शुरू होते ही माहौल हुआ गर्म, विपक्ष के सभी सदस्य दिन भर के लिए सस्पेंड..
गुंडागर्दी वाली मानसिकता के हैं लोग
मंत्री अशोक चौधरी ने आरोप लगाया कि ये लोग चाहते हैं कि NDA की आवाज दबा दी जाये, दलित की आवाज दबा दी जाये। मेरे बगल में दिलीप जायसवाल और ललन श्राफ थे लेकिन वे सिर्फ मेरी तरफ ऊँगली दिखा कर हंगामा कर रहे थे। ये लोग पहले भी लाठी घुमावन, तेल पिलावन रैली करते थे और अभी भी उसी मानसिकता के साथ ये लोग सदन में आते हैं। वहीं मंत्री अशोक चौधरी ने ऊपर किताब चला कर मारने के आरोप पर कहा कि अगर मैंने कुछ किया होगा तो उसका वीडियो होगा न, सब कुछ तो लाइव में होता है, सिर्फ कह देने से नहीं होता है न। मंत्री अशोक चौधरी ने लड़ने के सवाल पर कहा कि वे कहीं से पहलवानी का कोर्स करके आये हैं क्या? मैं उनसे लड़ने से भागता हूँ क्या? ये एक राजनीतिक लड़ाई है, सदन कार्य नियमवाली के तहत चलता है।
दलित की बात करते हैं लेकिन हमेशा दबाते हैं
मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि सदन में जब सभापति का नियमन आ गया उसके बाद कोई कुछ नहीं कर सकता है। लेकिन उनकी बातों की लगातार अवहेलना कर वेल में आ कर हंगामा करना, मेरे पास आ कर मुझे उकसाया और गाली दिया इसका मतलब आप लड़ना चाहते हैं। वे एक दलित व्यक्ति को टारगेट कर रहे थे इसका मतलब है कि वे दलित विरोधी हैं। अगर उन्हें लगता है कि वे मजबूत हैं तो उस तरह से लड़िये लेकिन मर्यादा ताड़ ताड़ नहीं करना चाहिए। कल भी एक सदस्य के साथ उन्होंने बदजुबानी की। वे लोग दलित की लड़ाई लड़ने की बात करते हैं लेकिन हमेशा दलित को दबाने की कोशिश में रहते हैं।
यह भी पढ़ें - रोकती रही पुलिस लेकिन नहीं रुके प्रदर्शनकारी, NEET छात्रा को न्याय दो के नारे के साथ...
पहले अशोक चौधरी ने की गाली गलौज
वहीं दूसरी तरफ मीडिया से बात करते हुए राजद MLC सुनील सिंह ने कहा कि सदन की कार्यवाही शुरू होने के बाद हमलोग नीट छात्रा के साथ हैवानियत और हत्या मामले को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से वेल में आ कर नारेबाजी कर रहे थे और उस पर चर्चा की मांग कर रहे थे। इसके साथ ही विपक्ष की नेता राबड़ी देवी के साथ अभद्र भाषा पर माफ़ी की मांग कर रहे थे, इसी दौरान मंत्री अशोक चौधरी उठ कर भद्दी भद्दी गाली देने लगे। जब आप किसी को गाली दीजियेगा तो कोई शांति में तो रहेगा नहीं, इसीलिए प्रतिउत्तर में दोनों तरफ से हंगामा हुआ जिसके बाद हमलोगों को सदन से एक दिन के लिए बाहर कर दिया गया है।
दरअसल मंगलवार को विधान परिषद की कार्यवाही शुरू होने के बाद विपक्ष के सदस्य मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से माफ़ी की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सबसे पहले विपक्ष के MLC अब्दुल बारी सिद्दीकी ने अपनी बात रखी जिसका जवाब मंत्री अशोक चौधरी ने दिया। इसके बाद राजद MLC सुनील सिंह उठ खड़े हुए और माफ़ी की मांग करने लगे। मामला धीरे धीरे हंगामा में बदलने लगा और MLC सुनील सिंह अन्य सदस्यों के साथ वेल में आ गए। इस दौरान वे मंत्री अशोक चौधरी के समीप पहुंच गये और उनकी तरफ ऊँगली दिखा कर जोर जोर से हंगामा करने लगे जिस पर NDA सदस्यों का आरोप है कि सुनील सिंह ने मंत्री अशोक चौधरी के साथ गाली गलौज की और उन्हें धमकी भी दी।
यह भी पढ़ें - PK के तर्ज पर तेज प्रताप करेंगे अपनी पार्टी को मजबूत, बिहार के गांवों में करेंगे...