पटना: गृह मंत्री अमित शाह आज शाम तीन दिवसीय दौरे पर बिहार पहुंच रहे हैं। उनके बिहार आगमन से पहले ही सियासत काफी तेज हो गई है। एक तरफ विपक्ष होली से ठीक पहले उनके बिहार आने पर सवाल उठा रहा है तो दूसरी तरफ सत्ता पक्ष इसे अहम और आवश्यक दौरा बता रहा है। इस मामले में मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खास और राज्य सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि बिहार दो पड़ोसी देश का सीमावर्ती राज्य है। विशेष रूप से किशनगंज जैसे इलाकों में बांग्लादेश से घुसपैठ की बातें सामने आई रही है।
गृह मंत्री का दौरा आवश्यक और महत्वपूर्ण
अशोक चौधरी ने दावा किया कि आधार कार्ड और मतदाता सूची की संख्या में भी अंतर देखने को मिला है जो कि गंभीर चिंता का विषय है। ऐसे में केंद्रीय गृह मंत्री का बिहार आ कर स्थिति की समीक्षा करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों से नकली मुद्रा समेत अन्य चीजों की तस्करी की भी शिकायतें मिलती है। इस पर कड़ी निगरानी और समुचित कार्रवाई के लिए गृह मंत्री का दौरा काफी महत्वपूर्ण है।
यह भी पढ़ें - राज्य में अपराधी को मिल रहा है संरक्षण, तेजस्वी ने कहा 'दोनों डिप्टी सीएम फेल और CM हो गए हैं कमजोर...'
उनके पास ही जाना होता है वोट मांगने
इस दौरान मीडिया से बात करते हुए दफादार और चौकीदारों पर लाठीचार्ज को लेकर मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि सरकार की मंशा कभी किसी पर लाठीचार्ज करवाने की नहीं रहती है। आखिरकार हमें वोट मांगने उन लोगों के पास ही जाना होता है तो फिर हम उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई कैसे कर सकते हैं लेकिन कई बार धरना प्रदर्शन के दौरान असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश करते हैं। ऐसे में जब स्थिति नियंत्रण से बाहर हो जाती है तब पूलिस हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को इधर उधर करती है ताकि हालत काबू में आ सके।
शराबबंदी पर सरकार अब तक है कायम
इस दौरान उन्होंने शराबबंदी पर पक्ष और विपक्ष के सवालों पर कहा अकी अपनी बात रखने का अधिकार सबको है। लेकिन अभी राज्य की सरकार शराबबंदी के अपने फैसले पर कायम है। सरकार के पास अभी ऐसा कोई प्रस्ताव लंबित नहीं है जिसमें शराबबंदी कानून को खत्म करने की बात हो। उन्होंने बताया कि जीविका समूह और स्कूल के माध्यम से लगातार लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है ताकि शराबबंदी कानून प्रभावी रूप से लागू रखा जा सके।
यह भी पढ़ें - बारात से लौट रहे लोगों की कार हुई दुर्घटना का शिकार, चार गंभीर रूप से जख्मी...